- Hindi News
- ‘तीन महीने पहले खुद पर तेजाब डालने की कोशिश की थी नेहा ने’
‘तीन महीने पहले खुद पर तेजाब डालने की कोशिश की थी नेहा ने’
भास्कर न्यूज, फगवाड़ा
भास्कर न्यूज - फगवाड़ा
‘औलाद न होने की वजह से नेहा काफी परेशान रहती थी। मेरी मां पूनम स्कूल चली जाती है। पिता और मैं भी अपने अपने कामों पर। नेहा पीछे घर पर अकेली रह जाती थी। जिस कारण वह डिप्रेशन में रहने लगी थी। नेहा काफी शार्ट टैंपर थी। उसमें सब्र की कमी थी। औलाद के लिए उतावली भी थी। करीब 3-4 महीने पहले भी उसने खुद पर तेजाब डालने की कोशिश की थी। मैं घर पर ही था। मैने दौड़कर उसके हाथ पकड़ लिए तथा तेजाब की बोतल नीचे गिर कर टूट गई। तेजाब के छींटों से उसके कपड़े जले थे परंतु नेहा का बचाव हो गया था। इस घटना के बाद नेहा ने मुझसे माफी मांगी तथा कहा कि मेरे मायके वालों को कुछ न बताना। मेरे डैडी बहुत गुस्से होंगे’।
यह कहना है विश्वकर्मा नगर में सुसाइड करने वाली नेहा के पति विवेक जलोटा का। विवेक का एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने शुक्रवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया। जहां उसे जेल भेज दिया गया। विवेक ने बताया कि नेहा की परेशानी देखकर वह उसे नवंबर माह में जयपुर इलाज के लिए लेकर गया। वहां एक वैद्य दीदी हैं जो बे-औलादों का शर्तिया इलाज करती हैं। नेहा दोबारा जयपुर जाने की बात कर रही थी। मैने उसे कहा कि कुछ दिन रुक जाओ फरवरी में हमारा दोबारा जयपुर जाने का प्रोग्राम था। परंतु इससे पहले ही नेहा ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। विवेक ने कहा कि उन्होंने नेहा को बहुत समझाया कि सब्र रखे, औलाद हो जाएगी। नेहा उसकी बात को समझती थी परंतु कोई बार गुस्से में आपा खो बैठती थी।
नेहा के कमरे में एक कॉपी मिली।इसके एक पेज पर नेहा ने लिखा था।
‘‘मम्मा का कहना है इस घर में रहना है तो हमारे तरीके से रहना होगा नहीं तो जाओ घर छोड़ कर। जाते क्यों नहीं। यहीं बैठे हुए हो। तूने अपने मां-बाप को बताया तो क्या कर लेंगे। मुझे जेल करवाएंगे, तू खलारा डालना चाहती है डाल ले, मुझे सजा हो जाएगी हो जाने दे। मैं तेरी सारी बात बताऊंगा जो तूने किया। मैं पागल हूं जयपुर में 10 हजार रुपए लगाकर आया हूं। मैं मोबाइल नहीं लेकर कर दे सकता। मैं अफोर्ड नहीं कर सकता। घर पर मम्मी-पापा के कमरे में ही टीवी लगेगा। अलग टीवी नहीं लगाना। हमारे सामने बैठकर बात करो। मम्मी के फोन से बात नहीं करनी तो विवेक के फोन से कर लो।’’
इसके अलावा उसमें कुछ ओर बातें भी लिखी हैं। परिजनों के मुताबिक पेज में नेहा की ही लिखावट है।
कॉपी में लिखा था-‘मम्मा का कहना है, इस घर में हमारे हिसाब से रहो’
नेहा सुसाइड मामला
नेहा के पति विवेक ने कहा...
‘मेरे साथ अच्छी अंडरस्टैंडिंग थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। मंगलवार को मम्मी पापा पहले चले गए। मैं 9.30 बजे के करीब घर से मोगा के लिए निकल गया। जाने से पहले नेहा ने खुद मुझे नाश्ता बनाकर दिया। उसने कहा कि तुम्हें मोगा में खाना खाने में दिक्कत होगी। खुद रोटी पैक करके दी। पता नहीं नेहा के दिमाग में क्या आया जो उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया’।