- Hindi News
- अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के प्रभारी को बम से उड़ाने की धमकी
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के प्रभारी को बम से उड़ाने की धमकी
भास्कर न्यूज - फगवाड़ा
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के पंजाब प्रभारी दीपक भारद्वाज ने थाना सतनामपुरा पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से आई फोन काल के माध्यम से उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
दीपक ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें एक फोन कॉल आई। इसके आगे +92 लिखा था जो कि पाकिस्तान का कंट्री कोड है। उन्होंने फोन उठाया तो दूसरी तरफ से लाहौरिया भाषा में पंजाबी बोल रहे अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि जहां तक भागना है भाग ले। अब तुझे गोली से नहीं जल्दी ही बम से उड़ाया जाएगा।
चुनौती दी तो फोन काटा
दीपक ने फोन करने वाले को सामने आकर बात करने की चुनौती दी तो उसने दोबारा बम से उड़ाने की बात कह कर फोन काट दिया। इसके बाद उन्होंने थाना सतनामपुरा पहुंच कर लिखित शिकायत दे दी। पुलिस ने उक्त मोबाइल नंबर पाकिस्तान का होने की भी उन्हें पुष्टि कर दी है व मामले की जांच का आश्वासन
दिया है।
इस अवसर पर उनके साथ हरदीप सिंह, प्रमोद शर्मा, मनु प्रभाकर, अनूप दुगल, दीपक शर्मा, मुकेश राणा आदि भी उपस्थित थे।