पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बारिश से ठंड बढ़ी, जलभराव से परेशानी

बारिश से ठंड बढ़ी, जलभराव से परेशानी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - गुरदासपुर/बटाला
मंगलवार देर सायं शुरू हुई बारिश बुधवार को भी सारा दिन लगी रही। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पारा काफी लुढ़क जाने से ठंड भी एक दम से बढ़ गई है। गुरदासपुर में अधिकतम तापमान १३ और न्यूनतम सात डिग्री रहा। बारिश और ठंड बढऩे से जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ा। बच्चों को सुबह स्कूल जाने में परेशानी हुई। लगातार हो रही बारिश ने विकास कार्यों की भी पोल खोल कर रख दी। कई जगह सीवरेज जाम होने से बारिश का पानी घंटों तक सड़कों पर खड़ा रहा।
सबसे ज्यादा परेशानी रोजमर्रा के कामों के लिए बाजार जाने के लिए निकली महिलाएं और कार्यालयों को जाने वालों को उठानी पड़ी। शहर में हर तरफ भरे पानी के कारण लोग नगर कौंसिल को कोसते दिखाई दिए। उनका कहना है कि कौंसिल ने शहर के लोगों को सुविधाएं तो क्या देनी हैं, उन्हें अक्सर होने वाली परेशानियों तक का समाधान नहीं किया जा रहा।
इन इलाकों का रहा बुरा हाल
बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण शहर के पॉश एरिया सिविल लाइन, संत नगर, कॉलेज रोड, हनुमान चौक, बाटा चौक, अमामवाड़ा चौक, तिबड़ी रोड, कबूतरी गेट, मेन बाजार, गीता भवन रोड आदि पानी में डूबे रहे। दुकानदारों ने भी सारा दिन खाली बैठकर समय बिताया। अमामवाड़ा चौक के दुकानदार विनोद कुमार, अश्विनी महाजन, भूपिंदर सिंह, जुगल किशोर, अशोक महाजन ने बताया कि बारिश के पानी के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंच ही नहीं पाए। हालांकि उन्होंने खुद पानी निकालने का प्रयास किया। उन्होंने कौंसिल से मांग की कि शहर के मेन बाजारों में भरे पानी को निकालने का व्यापक प्रबंध किया जाए।
वहीं बटाला में पहाड़ी गेट, कादी हट्टी व खजूरी गेट के अलावा कुछ अन्य इलाकों में बिजली सप्लाई भी बंद रही। लेकिन बारिश के बीच ही बिजली कर्मचारियों ने काम करके बिजली सप्लाई बहाल की।