पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पार्किंग बने तो मिले ट्रैफिक समस्या से छुटकारा

पार्किंग बने तो मिले ट्रैफिक समस्या से छुटकारा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - गुरदासपुर
नेहरू पार्क को तोड़कर पार्किंग बनाने का काम चार माह से लटका हुआ है। नगर कौंसिल ने यहां पार्किंग का निर्माण कार्य तो शुरू करवा दिया, लेकिन इसे पूरा करने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हालांकि कौंसिल को ऐतिहासिक नेहरू पार्क तोड़कर पार्किंग बनाने के फैसले पर लोगों का खासा विरोध सहना पड़ा था। इसके बावजूद कौंसिल पार्किंग बनाने के फैसले पर अड़ी रही।
लोगों ने सोचा था कि पार्किंग बनने से ट्रैफिक समस्या से निजात मिलेगी, लेकिन उनका विरोध बंद करना भी किसी काम नहीं आया। हालत यह है कि पार्किंग का निर्माण कार्य केवल मिट्टी डालने तक ही सिमट गया है और आगे का काम ठप पड़ा है। इसके जल्द शुरू न होने से ट्रैफिक समस्या से निजात मिलने की संभावना भी कम ही नजर आ रही है। अब लोग पार्किंग बनाने के हक में उतर आए हैं। उधर, कौंसिल लोगों के रोष को देखते हुए जल्द ही बाकी का कार्य करवाने का आश्वासन दे रही है।




काम लटकाना सही नहीं

भाजपा जिला सचिव रमन कुमार का कहना है कि कौंसिल ने यहां पार्किंग का निर्माण शुरू करवाकर शहर को सुविधा देने का अच्छा प्रयास किया है, लेकिन इस काम को इतनी देर तक लटकाना सही नहीं है। इस काम को पहल के आधार पर लेते हुए पूरा करवाया जाना चाहिए।



कौंसिल जिम्मेदारी समझे

समाजसेवक राजिंदर कुमार ने कहा कि नेहरू पार्क में पार्किंग का निर्माण शहर के लिए प्राथमिकता होना चाहिए। शहर में कहीं भी वाहन खड़े करने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में शहर के लोगों की आशाएं इसी पार्किंग से जुड़ी हुई हैं। कौंसिल को जिम्मेदारी समझते हुए इस काम को बिना देरी के पूरा करवाना चाहिए।



जल्द काम पूरा हो

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड में कंप्यूटर ऑप्रेटर अशोक थापा का कहना है कि पार्किंग का निर्माण का काम जल्द पूरा करवाया जाना चाहिए। इससे लोगों को कई आशाएं जगी हैं, अब इस काम में देरी नहीं करनी चाहिए। शहर में ट्रैफिक की समस्या विकराल होती जा रही है, कौंसिल को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

काम में देरी न हो

प्रॉपर्टी डीलर प्रभ ने कहा कि अगर कौंसिल निर्माण कार्य को पूरा नहीं करवा सकती थी तो काम शुरू ही नहीं करवाया जाना चाहिए था। पार्किंग के निर्माण से शहर की ट्रैफिक की समस्या का समाधान हो सकता है। ऐसे में इस काम में देरी, कौंसिल की लापरवाही को उजागर करती है।



पार्किंग मुद्दा

ऐतिहासिक नेहरू पार्क में पार्किंग का निर्माण लटकने से आक्रोश