- Hindi News
- रिवाइज्ड वेतन लेने के लिए सिविल अस्पताल का टीबी स्टाफ हड़ताल पर
रिवाइज्ड वेतन लेने के लिए सिविल अस्पताल का टीबी स्टाफ हड़ताल पर
भास्कर न्यूज - गुरदासपुर
आठ महीने से रिवाइज्ड वेतन न मिलने पर सिविल अस्पताल में कार्यरत टीबी विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल रखी। हड़ताल आरएनटीसीपी यूनियन के आह्वान पर की गई। इस दौरान कामकाज पूरी तरह से ठप्प रखा गया। यूनियन का कहना है कि सरकार उनकी मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही, जिसके कारण उन्हें संघर्ष करना पड़ा है। जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान कर्मचारियों ने सेहत विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
यूनियन के सदस्य इकबाल सिंह ने बताया कि आठ माह से उन्हें रिवाइज्ड वेतन नहीं दिया जा रहा, जो उनके साथ धक्केशाही है। वे कई बार संबंधित अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन आज तक किसी ने उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया। वेतन में वृद्धि न मिलने के कारण उनके लिए अपने परिवारों का गुजारा चलाना तक कठिन हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान न किया गया तो संघर्ष को और भी तेज किया जाएगा। इस मौके पर सुरिंदरपाल, देवी प्रकाश, अशोक कुमार, दिनेश कुमार, बलजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, सरवण सिंह मौजूद थे।