मजीठिया की सीबीआई जांच करने की मांग
भास्कर न्यूज - पटियाला
नशा तस्करी मामले में कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया का नाम सामने आने से पंजाबी यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की अगुवाई में स्टूडेंट्स ने मजीठिया का पुतला फूंका।
वीरवार को कैंपस की मुख्य लाइब्रेरी के सामने रोष प्रदर्शन किया गया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार मजीठिया की जांच सीबीआई से नहीं करवाती और मजीठिया से इस्तीफा नहीं लिया जाता तो राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों, गांवों और शहरों में जाकर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। फेडरेशन नुमाइंदों ने मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई से जांच हो और मजीठिया इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें। गौरतलब है कि एसएफआई और डीवाईएफआई की ओर से पूरे पंजाब में मजीठिया के पुतले जलाए जा रहे हैं। फेडरेशन के प्रांतीय प्रधान स्वर्णजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में युवाओं में नशे का प्रयोग बढ़ रहा है और सरकार इसे रोकने की बजाए तस्करी बढ़ाने में लगी है। प्रांतीय उप प्रधान विजय हितैशी, यूनिवर्सिटी यूनिट के प्रधान हरसाहिब राए ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, बेरोजगारी दिनों दिन बढ़ रही है, युवा नशों के आदी हो रहे हैं लेकिन सरकार इन मसलों की ओर बहुत ध्यान नहीं दे रही। जगसीर बराड़, मनप्रीत सिंह, शगनदीप सिंह, हरप्रीत सिंह हमीदी, सुधा राजपूत, गुरपिंदर सिंह, गुरपाल मान, हरप्रीत सीविया, मनदीप गुलाटी, दलवीर सिंह, परमिंदर कौर, सिमर कौर, अंजना शर्मा, मोनिका, गुरप्रीत कौर, सुखजीत कौर, इंद्रजीत सिंह व अन्य मौजूद रहे।
पीयू में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की अगुवाई में मजीठिया का पुतला फूंकते।