पुडा के प्लॉट थे 40, बिके सिर्फ 4
राणा रणधीर - पटियाला
पटियाला अर्बन प्लानिंग एंड डेवलेपमेंट अथार्टी ((पुडा)) की रिहायशी व कमर्शियल प्लॉट की नीलामी फ्लाप रही। वीरवार को पुडा के 40 में सिर्फ 4 प्लॉट नीलाम हुए। बाकी प्लॉट के लिए किसी ने बोली नहीं लगाई। पुडा प्रशासन ने फेल्योर के पीछे रियल एस्टेट की मंदी बताई। जबकि अर्बन एस्टेट के बाशिंदों ने कहा कि पुडा अपनी कॉलोनियों में तय सुविधा देने में नाकाम रहा।
पुडा ने अर्बन एस्टेट फेज 1 व 2 ((राजपुरा रोड पर तुंगनाथ मंदिर के सामने नई काटी गई स्कीम)) में 40 रिहायशी व कमर्शियल प्लॉट की नीलामी कम्युनिटी हॉल में सुबह 11 बजे रखी थी। इनमें 25 रिहायशी प्लाट्स, 12 एससीओ व 3 शॉप ((दो मंजिल)) की थीं। पुडा अधिकारी दोपहर साढ़े 12 बजे तक बोली लगाने वालों का इंतजार करते रहे। पुडा एसीए परनीत कौर शेरगिल, एस्टेट अफसर महिंदर सिंह सहित नीलामी का प्रबंध करने वाले अधिकारियों की गिनती 30 थी। सामने बोली लगाने वाले केवल के शर्मा, नरेश कुमार, जतिंदर कौर, जसबीर कौर, एस सहगल, रूपिंदर कौर व शुक्ल थे।
पहली बोली 250 गज के प्लॉट((नंबर 1005)) के लिए थी। लेकिन कोई आगे नहीं आया। उसके बाद किसी तरह 4 लोगों ने 4 प्लॉट की बोली लगाई। शेष 36 प्लाट खाली चले गए। पुडा का रिजर्व प्राइज 20,900 से 1.24 लाख था। वीरवार को अधिकतम बोली केवल 24,500 ही रही।
आशा के मुताबिक रिस्पांस नहीं मिला: नीलामी में बोली कार के न आने का कारण रियल एस्टेट के कारोबार में आई मंदी है। सभी जगह मंदी का ही असर है कि रियल एस्टेट का कारोबार ठंडा है। आशा के मुताबिक रिस्पांस नहीं मिला। सिर्फ चार प्लॉट की बोली लगी है। शेष प्लाट की बोली फिर लगेगी।
पुडा के कम्यूनिटी सेंटर में प्लाटों की नीलामी करवाते पुडा अधिकारी। अधिकारियों की संख्या करीब ३० थी।
नीलामी के दौरान कम्युनिटी हॉल में खाली पड़ी कुर्सियां।
नीलामी रहेगी फ्लाप: गुंजन
अर्बन एस्टेट रेजीडेंस एसोसिएशन की सदस्य गुंजन घई के मुताबिक पुडा अपनी कालोनियों में लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने में भी नाकाम रहा है। सारा शहर इसे जानता है। अब तो नीलामी में भी कोई नहीं आया। पुडा को अब भी समझ में नहीं आया तो भविष्य में नीलामी स्कीम इसी तरह फ्लॉप रहेगी।
बोली में केवल यह हुए नीलाम
प्लाट नंबर क्षेत्रफल ((वर्ग मी.)) रिजर्व प्राइज-बिका
627 ए 256.66-20,900 22,100
627 बी 256.66-20,900 23,600
1023 209-20,900 21,500
1115 209-20,900 24,500
1005 209-20,900 21,800
झूठ कहता है पुडा: डीसी गुप्ता
अर्बन एस्टेट एचआईजी एंड वाईपीएस लैंड रेजीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के पैटर्न डीसी गुप्ता के मुताबिक अर्बन एस्टेट में सड़कों पर अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट की खराबी, पार्कों की खस्ता हालात के बाद यहां कोई इतने महंगे दामों पर प्लॉट क्यों लेगा? सुविधाओं के दावे किए थे, चिल्लाने पर भी कोई नहीं सुनता।
लोग समझ चुके, नहीं आते: गर्ग
अर्बन एस्टेट फेज-2 निवासी ओपी गर्ग के मुताबिक उनके इलाके में प्लाट लेकर लोगों ने सालों तक निर्माण नहीं किया। पुडा को सिर्फ अपने प्लॉट नीलाम करने होते है, उसके बाद इलाके की डेवलेपमेंट को लेकर कोई गंभीरता नहीं है। लोग समझ चुके हैं, इसलिए कोई प्लॉट लेने को आगे नहीं आता।
कोई ज्यादा पैसे क्यों लगाए: भूपिंदर
बीएच प्रॉपर्टी के एमडी भूपिंदर सिंह के मुताबिक पुडा ने बिना कुछ सोचे समझे रिजर्व प्राइज 21 हजार से शुरू करके 38 हजार रख दी। शहर के अन्य पॉश इलाकों जैसे मॉडल टाउन में रिहायशी प्लॉट 22 या 23 हजार रुपए प्रति वर्ग गज में मिल जाता है। ऐसे में कोई 37 हजार रुपए या इससे ज्यादा पैसे क्यों लगाएगा? इसी कारण दो नीलामी फेल हो चुकी हैं।