- Hindi News
- कांग्रेस और अकालियों ने राज्य में विकास को नजरअंदाज किया: धीमान
कांग्रेस और अकालियों ने राज्य में विकास को नजरअंदाज किया: धीमान
भास्कर न्यूज - पटियाला
चाहे केंद्र में सरकार कांग्रेस की रही या फिर पंजाब में सरकार अकाली भाजपा गठबंधन की, पंजाब के साथ साथ पटियाला का विकास करने के लिए किसी भी राजनीतिक पार्टी ने गंभीरता नहीं दिखाई। यह आरोप आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पटियाला संसदीय सीट से बहुजन समाज पार्टी के घोषित उम्मीदवार राम सिंह धीमान ने शुक्रवार को लगाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ साथ अकाली भाजपा गठबंधन से उठ चुका है।
दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी ((बसपा)) की जनहितैषी नीतियों को लोगों तक घर घर पहुंचाया जा रहा है। इससे चुनाव के लिए बसपा के अभियान को सकारात्मक रुख हासिल हुआ है और केंद्र में अगली सरकार के गठन में बसपा की भूमिका अहम रहेगी। राम सिंह धीमान ने शुक्रवार को पटियाला संसदीय सीट के लिए अपना चुनाव अभियान शुरू कर दिया। इसके तहत उन्होंने ककराला, कुलारां, बादशाहपुर, शुतराणा, गुलाहड़, शेरगढ़, ठरुआ, पातड़ां शहर और घग्गा में जनसभाओं को संबोधित किया।
इस मौके पर बसपा पंजाब के महासचिव व पटियाला संसदीय सीट के पार्टी इंचार्ज जोगा सिंह पनौंदिया, सतबीर सिंह नाई वाला, गुरमेल सिंह घग्गा, हंसराज ककराला, प्रदीप गागट, सुराज खान, चंद सिंह भट्टी, हरविलास कुलारां, रुलदा सिंह धीमान व बिंदर सिंह धीमान इत्यादि भी मौजूद रहे।
राम सिंह धीमान ने कहा कि शुरू किया गया चुनाव अभियान संसदीय चुनाव तक जारी रहेगा।
इस दरम्यान पार्टी की नीतियों की जानकारी जन जन तक पहुंचायी जाएगी वहीं सत्तारूढ़ पार्टियों की भ्रष्टाचार वाली नीतियों को भी उजागर किया जाएगा।
राम सिंह धीमान