- Hindi News
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की हितैषी है बसपा: धीमान
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की हितैषी है बसपा: धीमान
भास्कर न्यूज - नाभा
अगले लोकसभा चुनाव के लिए पटियाला संसदीय सीट से बहुजन समाज पार्टी के घोषित उम्मीदवार राम सिंह धीमान ने कहा है कि बहुजन समाज पार्टी आर्थिक रूप से कमजोर हर जाति के लोगों के लिए समय समय पर आवाज उठाती रही है और इनके कल्याण को ही पार्टी ने अपना एजेंडा बनाया है।
ऐसे में आम जनता को चाहिए कि बसपा के पक्ष में अपना जनादेश सुना कर बहन मायावती को प्रधानमंत्री बनाए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का उत्थान हो सके और गरीब व अमीर के बीच बढ़ रही खाई को पूरा किया जा सके।
राम सिंह धीमान ने शनिवार को पटियाला संसदीय सीट के लिए अपना चुनाव अभियान के तहत नाभा में पार्टी वर्करों से मीटिंग की। इस मौके पर बसपा पंजाब के महासचिव जोगा सिंह पनौदियां, दविंदर धीमान, चंद सिंह भट्टी, मग्घर सिंह कनसूहा, भगवंत सिंह रामगढिय़ा, बीबी चरणजीत कौर, बीबी भजन कौर, बीबी लता कुमारी इत्यादि भी मौजूद रहे। राम सिंह धीमान ने कहा कि शुरू किया गया चुनाव अभियान संसदीय चुनाव तक जारी रहेगा।
इस दरम्यान पार्टी की नीतियों की जानकारी जन जन तक पहुंचायी जाएगी वहीं सत्तारूढ़ पार्टियों की भ्रष्टाचार वाली नीतियों को भी उजागर किया जाएगा। धीमान ने कहा कि जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ साथ अकाली भाजपा गठबंधन से उठ चुका है।
उधर बसपा की जनहितैषी नीतियों को लोगों तक घर घर पहुंचाया जा रहा है। इससे चुनाव के लिए बसपा के अभियान को सकारात्मक रुख हासिल हुआ है और केंद्र में अगली सरकार के गठन में बसपा की भूमिका अहम रहेगी।
नाभा में बसपा वर्करों के साथ राम सिंह धीमान व अन्य।