दो चौकियों के बीच फंसी मौत की शिकायत
भास्कर न्यूज - पटियाला
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद खनौरी से मिलने वाले पैगाम के शव की शिकायत दो चौकियों के बीच फंस गई है। अजीत नगर निवासी पैगाम 17 जनवरी को घर से प्रताप नगर गया था। उसके बाद उसका शव खनौरी से मिला।
गुमशुदगी की शिकायत चौकी माडल टाउन में लिखवाई गई। शव मिलने पर कार्रवाई चौकी सेंचुरी एंकलेव पुलिस ने की। चौकी पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि पैगाम ने नहर में छलांग लगाई है। मॉडल टाउन चौकी पुलिस ने नहर का मामला होने पर पूरा केस वहां ट्रांसफर कर दिया है। पैगाम के नहर में छलांग लगाने के कारण क्या रहे, बगैर इसकी पड़ताल किए पुलिस केस को आत्महत्या मान पर फाइल बंद करने में लगी है। पैगाम के भाई शेखर ने कहा कि प्रताप नगर निवासी लड़की के भाई से बाइक बरामद होना इत्तेफाक नहीं है। पहले वह पैगाम के बारे में कुछ भी पता न होने की बात कर रहा था। बाइक मिलने के बाद कहा कि भाखड़ा नहर में उसने खुद छलांग लगाई है। लड़की के भाई का बार-बार बयान बदलना पैगाम के साथ अनहोनी का सबूत है। पुलिस को दोबारा शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। चौकी सेंचुरी एंकलेव इंचार्ज शिव कृपाल सिंह ने कहा कि इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है लड़के वालों ने खुद कहा था कि पैगाम ने अपने आप छलांग लगाई है। मामला उसी दिन मॉडल टाउन से उनकी चौकी आया था। कानूनन कार्रवाई की है। अब लड़की वालों के खिलाफ कार्रवाई कैसे करें। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही अगला कदम उठाएंगे।
पैगाम उर्फ मुन्ना ((फाइल फोटो))