न शिकायत सुनने वाले और न करने वाले
भास्कर न्यूज - पटियाला
महीने के चौथा मंगलवार निगम में संगत दरबार एक बार फिर बुरी तरह फ्लॉप रहा। इस बार तो हद हो गई। संगत दरबार में न कोई शिकायत सुनने वाला था और न ही कोई शिकायत करने वाला। असल में निगम कमिश्नर पीएस गिल छुट्टी पर चल रहे है।
ज्वाइंट कमिश्नर नाजर सिंह को आज विभाग की मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए चंडीगढ़ जाना था। हालांकि उन्होंने कमिश्नर के सहायकों को सूचित कर दिया था कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों की शिकायत नोट करके संबंधित ब्रांच को भेज दी जाए, लेकिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक 2 घंटे इंतजार करने पर भी कोई शहरवासी अपनी समस्या लेकर निगम नहीं पहुंचा।
सहायकों की ड्यूटी लगाई
नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर नाजर सिंह ने कहा कि विभागीय मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए मुझे चंडीगढ़ जाना था। लेकिन मैंने सहायकों की ड्यूटी लगाई थी कि वो संगत दरबार में शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों के नाम व शिकायत नोट करके संबंधित ब्रांच को रैफर कर दें। मैंने शाम को पटियाला पहुंचते ही रिपोर्ट भी ली, लेकिन पता चला कि कोई शिकायत नहीं आई है।
ठीक नहीं टाइमिंग: मीटिंग हाल में लगी घड़ी का समय बता रहा है कि 11 : 34 हो गए हैं, फिर भी कोई नहीं।
साहब काम से बाहर- ज्वाइंट कमिश्नर के मीटिंग में होने के कारण बंद पड़ा उनका कमरा।
सुनवाई करे कौन- शिकायतकर्ता के न पहुंचने से खाली पड़ा मीटिंग हॉल।