पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 47 प्रतिशत ने गैस एजेंसियो में नहीं लिंक कराया यूआईडी नंबर

47 प्रतिशत ने गैस एजेंसियो में नहीं लिंक कराया यूआईडी नंबर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटियाला। जिले के 47 प्रतिशत लोगों ने आधार नंबर को संबंधित गैस एजेंसी से लिंक नहीं कराया है। गैस कंपनियों ने इसके लिए 31 जनवरी अंतिम तारीख रखी है। 31 जनवरी तक नंबर लिंक न होने पर एक फरवरी से बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर महंगा मिलेगा।

विभिन्न गैस कंपनियों ने सब्सिडी स्कीम की अंतिम तारीख नहीं बढ़ाई है। गैस एजेंसी मालिकों का कहना है कि जिले में बहुत कम लोगों ने आधार नंबर लिंक कराया है। हो सकता हो तारीख बढ़ जाए। डीएफएससी अजयवीर सिंह सराओ ने कहा कि तारीख बढ़ाने की उनके पास कोई सूचना नहीं आई है।

भारत पेट्रोलियम कंपनी से संबंधित गैस उपभोक्ताओं में से करीब 40 प्रतिशत और इंडियन आयल से संबंधित उपभोक्ताओं में से 47 प्रतिशत ने आधार नंबर को संबंधित गैस एजेंसी में लिंक कराया है। ऐसे में गैस कंपनियां गैस सब्सिडी स्कीम को जिला में कैसे लागू करेगी। एक तरफ स्कीम लागू करने की अंतिम तारीख 31 जनवरी है।

दो बार अप्लाई किया, अभी तक नहीं मिला आधार कार्ड

अर्बन एस्टेट निवासी भाग सिंह ने कहा कि 2011 में आधार कार्ड बनवाया था। 6 महीने इंतजार किया, पर यूआईडी घर नहीं पहुंचा। दोबारा अप्लाई किया वह भी अब तक नहीं मिला। क्या करें। नेट पर चेक किया अब तक डाटा अपलोड नहीं है। कहां से आधार कार्ड लाएं। सिलेंडर की डिलीवरी करने वाला कहकर गया कि अब महंगा सिलेंडर मिलेगा। सरकार को चाहिए कि सब्सिडी स्कीम लागू करने से पहले लोगों के आधार कार्ड बनवाए।

तारीख बढ़ाने का काम केंद्र सरकार का

"हमारे पास कोई ऐसा आदेश नहीं आया है जिसके तहत सब्सिडी स्कीम की अंतिम तारीख को बढ़ाने की सूचना हो। तारीख बढ़ाने का काम केंद्र सरकार का है।" अजयवीर सिंह सराओ, डीएफएससी, फूड एंड सिविल सप्लाईज विभाग

अंतिम तारीख तो 31 जनवरी ही है

"अंतिम तारीख 31 जनवरी है। इसे आगे बढ़ाने को लेकर अब तक हमारे पास कोई ऐसा आदेश नहीं आया है। भारत गैस कंपनी से संबंधित 40 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने आधार लिंक करवाया है। तारीख आगे बढ़ाने का फैसला उपर से आएगा।" -किशोर तटकरे, एरिया मैनेजर,भारत गैस कंपनी

कर्मचारी लोगों को प्रेरित कर रहे

"करीब 47 प्रतिशत लोगों ने आधार नंबर लिंक करवाया है। एजेंसी कर्मचारियों लोगों को बार बार लिंक करवाने को प्रेरित कर रहे हैं। अंतिम तारीख की बढ़ोतरी का हमारे पास कोई आदेश नहीं आया है। 31 जनवरी अंतिम तारीख है।"- मुनीश गुप्ता, एरिया मैनेजर, इंडियन आयल

मिनी सचिवालय में यूआडी बनाने का काम चल रहा है। लोगों की भीड़ के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह से लोग यूआईडी बनवाने के लिए पहुंच जाते हैं। सिलसिला शाम तक चलता है।