पैगाम के परिजन एसएसपी से करेंगे शिकायत
पटियाला - अजीत नगर निवासी पैगाम की मौत के मामले में कत्ल की आशंका व आरोपियों के खिलाफ जांच को लेकर आज उसके परिजन एसएसपी हरदयाल सिंह मान से मिलेंगे। एसएसपी मान को वह लिखित रूप में अपना मांगपत्र सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे। पहले तो मामले की जांच को लेकर पुलिस चौकियों के बीच केस फंसा लेकिन बाद में भाखड़ा नहर का जिक्र होने पर सेंचुरी एंकलेव चौकी को जिम्मा मिला। इस चौकी में पैगाम की मौत को महज आत्महत्या घोषित कर पुलिस केस बंद करने के प्रयास में है। गौरतलब है कि पैगाम 17 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था, जिसका शव बाद में खनौरी से मिला। पैगाम के भाई शेखर ने कहा कि इस मामले में वह चौकी सेंचुरी एंकलेव के प्रभारी से मिले थे लेकिन वहां पर कहा गया कि शव की विसरा रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी। उससे पहले किसी भी आरोपों की जांच संभव नहीं है।