‘सड़क सुरक्षा अपनाएं, सुरक्षित रहें’
भास्कर न्यूज - अजमेर
कलेक्टर वैभव गालरिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा को जीवन का पर्याय बनाएं तभी हर व्यक्ति दुर्घटनाओं से बच सकता है और दूसरों को भी इसकी शिक्षा दे सकता है। बढ़ते यातायात के फलस्वरूप सड़क व यातायात निर्देशों की पालना हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। इसी से ही दुर्घटनाओं में कमी हो सकती है। गालरिया बुधवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन पर सूचना केंद्र में आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
गालरिया ने विश्वास दिलाया कि प्रशासनिक स्तर पर यातायात सुविधा और यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि यातायात को सुगम बनाने के लिए हर व्यक्ति का सहयोग जरूरी है। इसकी अनदेखी और कोताही दुर्घटना का कारण बनती है। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों संगठनों से अनुरोध किया कि यातायात सुरक्षा के बारे में सभी को जानकारी देने में वे अपनी महत्ती भूमिका निभाएं। विशिष्ट अतिथि हरिप्रकाश शर्मा, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्यारे मोहन त्रिपाठी, समाज सेविका डॉ$ रूपा टंडन, ब्रह्मकुमारी रूपा बहन ने भी सड़क दुर्घटनाओं से बचने और यातायात सुरक्षा के बारे में बताया। जिला परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने ‘ पहले आप’ स्लोगन के बारे में जानकारी दी। ट्रैफिक पुलिस यातायात राजेंद्र सिंह, डीटीओ सुधीर बंसल, नवीन सोगानी ने अतिथियों का स्वागत किया। कलेक्टर एवं एसपी ने यातायात पुलिस सुरक्षा सप्ताह के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा विभिन्न प्रतियोगिता के
विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया। संचालन सेवानिवृत्त डिप्टी ट्रैफिक जयसिंह राठौड़ ने किया।