दूरबीन से हर्निया का ऑपरेशन
अजमेर - जेएलएन अस्पताल में दूरबीन ((लेप्रोस्कोपिक इन्गुआइनल)) से हर्निया का सफल ऑपरेशन किया गया। नागौर रियांबड़ी निवासी गणपत लाल पुत्र लक्ष्मीनारायण ((45)) का ऑपरेशन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.शिव कुमार बुनकर और उनकी टीम ने किया। डॉ.बुनकर ने बताया कि आमतौर पर हर्निया के ऑपरेशन में मरीज को लंबा चीरा लगाया जाता है। इस ऑपरेशन में मरीज को दर्द भी होता है, जबकि दूरबीन से ऑपरेशन के दौरान मरीज के शरीर पर मात्र तीन छेद करने पड़ते हैं और टांके भी मात्र तीन-चार लगाना पड़ते हैं। ऑपरेशन के दूसरे दिन छुट्टी दी जाती है। जेएलएन अस्पताल में दूरबीन से हर्निया का पहला ऑपरेशन किया गया है। निजी अस्पतालों में इस ऑपरेशन पर करीब 40 से 50 हजार का खर्च होते हैं। अब यह सुविधा जेएलएन अस्पताल में ही मिलने लगी है।