पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राशन के लिए 20 किलोमीटर दूर दुकान

राशन के लिए 20 किलोमीटर दूर दुकान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अजमेर
तारागढ़ क्षेत्र के राशन उपभोक्ताओं के लिए रसद सामग्री लेना परेशानी का सबब बना हुआ है। उपभोक्ताओं को जो नए कार्ड मिले हैं, उनमें राशन की दुकान बदल दी गई है। यह दुकान सड़क मार्ग से करीब 20 किलोमीटर दूर और दुर्गम पहाड़ी रास्ते से 7 किलोमीटर दूरी पर है। दोनों ही रास्तों से राशन की दुकान तक पहुंचने में बहुत समय लगता है। नए राशन कार्डों में नाम, पते, उम्र सहित अन्य भारी गड़बडिय़ों से परेशान तारागढ़ वासियों ने डीएसओ से शीघ्र गड़बडिय़ां सुधार कर तारागढ़ पर राशन की दुकान खुलवाने की मांग की है।
तारागढ़ दरगाह के गद्दीनशीन सैयद हफीज अली ने बताया कि क्षेत्र में पांच सौ से अधिक राशन उपभोक्ता हैं। पिछले दिनों इनमें से करीब 300 लोगों को जिला रसद विभाग ने नए राशन कार्डों का वितरण किया। इन कार्डों में भारी गड़बडिय़ां हैं। किसी में नाम तो किसी में पता गलत बताया गया है। कई राशन कार्डों में बेटे-बेटियों की उम्र मां व पिता से ज्यादा बताई गई है। एक राशन कार्ड में महिला की उम्र के 200 वर्ष मुद्रित हैं। राशन कार्ड में गड़बडिय़ों से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने मांग की है कि तारागढ़ पर ही रसद विभाग कैंप लगाकर इन गलतियों में सुधार करे।




राशन की दुकान खोलने की मांग

हफीज अली ने बताया कि नए राशन कार्डों में राशन की दुकान डिग्गी बाजार से बदलकर अंदरकोट कर दी गई है। अंदरकोट यदि सड़क मार्ग से आना हो तो करीब बीस किलोमीटर दूरी है और यदि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से पहुंचना है तो लगभग सात किलोमीटर चलना पड़ता है। ऐसे में उपभोक्ता कैसे राशन सामग्री लेने पहुंचे। क्षेत्रवासियों की मांग है कि तारागढ़ पर राशन की दुकान खोली जाए, ताकि इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।

॥राशन उपभोक्ता पूर्व में जिस दुकान से राशन सामग्री लेते आ रहे हैं, फिलहाल वहीं से राशन सामग्री लें। नए राशन कार्ड में हुई गड़बडिय़ों में सुधार के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। जल्द ही सुधार किया जाएगा।

-सुनीता डागा, जिला रसद अधिकारी