सद्भाव कायम रखने के लिए सहयोग करें
भास्कर न्यूज - अजमेर
जिला कलेक्टर वैभव गालरिया ने अजमेर जिले के सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए सभी से अपील की। उन्होंने कहा कि हम ऐसी कोई स्थिति नहीं आने दें कि हमारी सामाजिक संरचना पर कोई दाग लगे।
गालरिया बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में सं&52द्भ;बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपसी सोच और समझ से सभी काम आसान हो जाते हैं। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ने शांति समिति के सभी सदस्यों एवं प्रबुद्ध जनों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग दें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर तेजराज सिंह ने कहा कि पुलिस कर्मियों की सक्रियता और बढ़ेगी, जिससे समस्याएं हल हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में अप्रिय घटना की आशंका होने पर पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना देनी चाहिए। अतिरिक्त कलेक्टर शहर गजेंद्र सिंह राठौड़ ने अजमेर शहर की कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। समिति के सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि सद्भाव कायम रखने के लिए सभी सहयोग करेंगे। सदस्यों ने कहा कि अधिकतर मामले बच्चों द्वारा तेजी और लापरवाही से वाहन चलाने के दौरान दुर्घटना होने पर तूल पकड़ते हैं। इसलिए वाहन चालकों की जांच, समझाइश व जन जागरण का कार्य किया जाना चाहिए।