शिविर में किए 625 ऑपरेशन
अजमेर - राजस्थान भ्रमणशील शल्य चिकित्सा इकाई अजमेर की ओर से बेगूं तहसील के जोगणियां माता धाम में आयोजित शिविर में 39 सौ रोगियों की जांच की गई। इस दौरान 625 मरीजों के ऑपरेशन भी किए गए।
प्रभारी डॉ.अनिल माथुर ने बताया कि जोगणियां माता धाम में 17 से 22 जनवरी तक शिविर लगाया गया। शिविर में दो दिन रोगियों की जांच की गई। इसमें ऑपरेशन योग्य मरीजों को भर्ती किया गया। भ्रमणशील इकाई द्वारा उपलब्ध चल लेबोरेट्री में 1783 मरीजों की रक्त जांच, 1094 रोगियों के मूत्र की जांच, 774 रोगियों की बायोकेमेस्ट्री जांच, 302 रोगियों के एक्स रे, 217 रोगियों की ईसीजी एवं 465 रोगियों की सोनोग्राफी की गई। डॉ. माथुर ने बताया कि शिविर में ही ऑपरेशन किए गए। सामान्य सर्जरी जिसमें गुर्दे, पथरी, हर्निया और अपेंडिक्स के 274, गायनिक के 22, ऑर्थो के 14, दंत के 15 और नेत्र के 300 ऑपरेशन किए गए। शिविर में जयपुर व कोटा के चिकित्सकों की भी मदद ली गई। माथुर ने बताया कि 28 जनवरी को सेटेलाइट अस्पताल व 29 जनवरी को गोयला गांव में शिविर लगाया जाएगा। तीन किलो की निकाली गांठ : शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हरबंस दुआ ने एक महिला के बच्चेदानी में से तीन किलो की गांठ निकालकर उसका सफल ऑपरेशन किया।
दुआ ने बताया कि यह पहला मौका है जब किसी महिला मरीज का ऑपरेशन कर इतनी बड़ी गांठ को बाहर निकाला गया है। आमतौर पर इस तरह के ऑपरेशन अस्पताल में ही किए जाते हैं। ऑपरेशन के बाद महिला रोगी पूरी तरह स्वास्थ्य है।