प्रदेश में बने नई स्वास्थ्य नीति
अजमेर - इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव डॉ एसएस अग्रवाल ने कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश में नई स्वास्थ्य नीति बनानी चाहिए। इस संबंध में प्रतिनिधि मंडल 2 फरवरी को चिकित्सा मंत्री राजेंद्र सिंह से मुलाकात करेगा। डॉ अग्रवाल ने अजमेर क्लब में एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं पर चर्चा की। पत्रकारों से बातचीत में डॉ अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार चिकित्सा महकमे में संस्थागत विकास किया जा रहा है। उसके अनुरूप यहां आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। अजमेर क्लब में एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ.राजकुमार जयपाल, सचिव हरबंस दुआ ने डॉ अग्रवाल का स्वागत किया।
इस मौके पर अस्पताल अधीक्षक डॉ पीसी वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद थे।
क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट में हो बदलाव
डॉ अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट का विरोध नहीं करती लेकिन इस एक्ट में बदलाव होना आवश्यक है। इस एक्ट को पहले सरकारी अस्पतालों पर लागू किया जाए। इसके बाद प्राइवेट अस्पतालों पर लागू हो।
चिकित्सकों ने रखी अपनी मांग
डॉ.अग्रवाल के समक्ष स्थानीय चिकित्सकों ने भी अपनी मांग रखी। एसोसिएशन के सदस्य डॉ.अनंत कोटिया ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में काम करने वाले रेजीडेंट चिकित्सकों को सुरक्षा प्रदान की जाए। बार-बार सरकार सुरक्षा का आश्वासन तो देती है। इसके बाद भी रेजीडेंट चिकित्सकों के साथ मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही है। इसी प्रकार चिकित्सकों के एनपीए पर भी चर्चा की गई।