पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअजमेर। विख्यात शनि उपासक दाती महाराज ने कहा कि नारी शक्ति बरकरार रखने के लिए भ्रूण हत्या का विरोध करना होगा। भ्रूण हत्या की प्रवृति देश और समाज के लिए कलंक है। बेटी है तो शक्ति है, जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। जिस देश में नारी शक्ति की उपासना के लिए नवरात्र और अन्य धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, वहां भ्रूण हत्या की प्रवृत्ति घोर पाप है।
शनिधाम ट्रस्ट समाज की प्रगति के लिए जन सहयोग से बेटियों को बचाने की मुहिम चला रहे हैं। बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज में उनके सम्मान के लिए जन सहयोग से कार्यक्रम किए जा रहे हैं। बेटियों के प्रति लोगों की मानसिकता पर दाती महाराज ने सवाल किया है कि ज्यादातर लोगों की सोच है कि उन्हें मां, बहन और पत्नी तो
चाहिए, लेकिन बेटी नहीं। समाज से इस सोच को जड़ से मिटाना ही हर नागरिक का ध्येय होना चाहिए। दाती महाराज के तत्वावधान में गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में गरीब-असहाय लोगों को करीब पांच सौ कम्बल बांटे गए।
गाय और गौरी को बचाने का संदेश
महाराज ने गौवंश और कन्याओं के संरक्षण पर बल दिया। दाती महाराज के अनुसार अनुसार भ्रूण हत्या और गौ वंश का संरक्षण प्रवचन का विषय नहीं बल्कि कर्म की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। कन्या भ्रूण अपराध है तो महिला को कुपोषण का शिकार बनाना घोर अपराध है। महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए हर नागरिक को प्रयास करने चाहिए। शनि धाम ट्रस्ट बेटियों को निशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और समाज में उनका सम्मान बरकरार रखने के लिए संकल्पबद्ध है।
पुलिस के लिए कल्याणकारी योजनाएं
शनि उपासक दाती महाराज ने पुलिस लाइन में कम्बल वितरण कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शनि धाम ट्रस्ट की ओर से योजनाएं संचालित की जाएंगी।
: पुलिस अधिकारियों और जवानों की निशुल्क चिकित्सा जांच।
: पुलिस कर्मियों के 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले बच्चों को वजीफा।
: बालिकाओं के विवाह और शिक्षा की सुविधा।
पुलिस लाइन में गरीबों का मेला
पुलिस लाइन ग्राउंड का नजारा गुरुवार को बदला-बदला सा था। आम तौर पर पुलिस कर्मियों की झिड़कियों और डांट-फटकार से खौफजदा रहने वाले गरीब और असहाय लोग पुलिस कर्मियों को ढेरों दुआएं दे रहे थे। मौका था शनि उपासक दाती महाराज के सान्निध्य में गरीब लोगों को कम्बल वितरित करने का कार्यक्रम। आइजी अमृत कलश, एसपी प्रफुल्ल कुमार सहित पुलिस के सभी अधिकारी और जवान मैदान में एकत्रित गरीब-असहाय महिलाएं, बच्चे और पुरुषों को कम्बल बांट रहे थे।
इस अवसर पर करीब पांच सौ लोगों को कम्बल बांटे गए। इस मौके पर आइजी अमृत कलश ने कहा कि कार्यक्रम से पुलिस की छवि जन मानस में सुधरेगी और लोगों का विश्वास पुलिस पर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज सेवा में पुलिस जवानों की अहम भूमिका है। एसपी प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय सुरक्षा के साथ-साथ समाज सेवा है। कार्यक्रम इस दिशा में सार्थक कदम है।
हर थाना क्षेत्र से बुलाए असहाय
आइजी अमृत कलश की पहल पर गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में गरीब-असहाय लोगों को कम्बल वितरित किए गए। दाती महाराज की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लोगों को कतार बद्ध कर कम्बल बांटे। पुलिस लाइन मैदान में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आइजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र से पचास जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर लाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कार्यक्रम में दो हजार से ज्यादा लोग पहुंचे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.