अपराधियों की करें धरपकड़
अजमेर - एसपी प्रफुल्ल कुमार ने कार्यकाल की पहली क्राइम मीटिंग में गुरुवार को अधिकारियों को अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हरकतों पर निगरानी और धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। एसपी ने निर्देश दिए है कि चोरी-नकबजनी सहित संपत्ति संबंधित अपराधों पर अंकुश के लिए अधिकारियों और जवानों को मुस्तैदी बरतनी होगी। कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस लाइन में क्राइम मीटिंग में अधिकारियों से एसपी प्रफुल्ल कुमार ने थाना वार कामकाज की जानकारी ली।
एसपी प्रफुल्ल कुमार ने बताया जिले में चोरी-नकबजनी की वारदात रोकने के लिए थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त और दिन में निगरानी व्यवस्था खुद के नेतृत्व में करनी होगी। एसपी ने कहा स्कूल, कालेज और व्यस्त इलाके में गश्त बढ़ाने की जरूरत है। थाना वार आदतन अपराधियों को चिह्नित कर लोकेशन ट्रेस की जाए। आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। वारदात में इन लोगों को जांच के घेरे मे लेकर कार्रवाई की जानी चाहिए। शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाने के लिए लिए ट्रैफिक पुलिस के अलावा थाना स्टाफ को भी सहयोग करना होगा। थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और शराब खोरी रोकने के लिए थाना प्रभारियों को जिम्मेदार बनाया गया है।