- Hindi News
- मां बहन और पत्नी चाहिए तो फिर बेटी क्यों नहीं?
मां-बहन और पत्नी चाहिए तो फिर बेटी क्यों नहीं?
भास्कर न्यूज - अजमेर
विख्यात शनि उपासक दाती महाराज ने कहा कि नारी शक्ति बरकरार रखने के लिए भ्रूण हत्या का विरोध करना होगा। भ्रूण हत्या की प्रवृति देश और समाज के लिए कलंक है। बेटी है तो शक्ति है, जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। जिस देश में नारी शक्ति की उपासना के लिए नवरात्र और अन्य धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, वहां भ्रूण हत्या की प्रवृत्ति घोर पाप है।
शनिधाम ट्रस्ट समाज की प्रगति के लिए जन सहयोग से बेटियों को बचाने की मुहिम चला रहे हैं। बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज में उनके सम्मान के लिए जन सहयोग से कार्यक्रम किए जा रहे हैं। बेटियों के प्रति लोगों की मानसिकता पर दाती महाराज ने सवाल किया है कि ज्यादातर लोगों की सोच है कि उन्हें मां, बहन और पत्नी तो चाहिए, लेकिन बेटी नहीं। समाज से इस सोच को जड़ से मिटाना ही हर नागरिक का ध्येय होना चाहिए। दाती महाराज के तत्वावधान में गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में गरीब-असहाय लोगों को करीब पांच सौ कम्बल बांटे गए। इस अवस पर आईजी अमृत कलश, एसपी और अन्य थाना प्रभारियों सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
गाय और गौरी को बचाने का संदेश
शनि उपासक दाती महाराज ने गौवंश और कन्याओं के संरक्षण पर बल दिया। दाती महाराज के अनुसार अनुसार भ्रूण हत्या और गौ वंश का संरक्षण प्रवचन का विषय नहीं बल्कि कर्म की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। कन्या भ्रूण अपराध है तो महिला को कुपोषण का शिकार बनाना घोर अपराध है। महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए हर नागरिक को प्रयास करने चाहिए। दाती महाराज ने कहा कि शनि धाम ट्रस्ट बेटियों को निशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और समाज में उनका सम्मान बरकरार रखने के लिए संकल्पबद्ध है।
पुलिस के लिए कल्याणकारी योजनाएं
शनि उपासक दाती महाराज ने कम्बल वितरण कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शनि धाम ट्रस्ट की ओर से योजनाएं संचालित की जाएंगी।
> पुलिस अधिकारियों और जवानों की निशुल्क चिकित्सा जांच
> पुलिस कर्मियों के 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले बच्चों को वजीफा
> बालिकाओं के विवाह और शिक्षा
की सुविधा