अस्पताल में बाजार से दवा मंगाने पर रोष
अजमेर - जेएलएन अस्पताल में भर्ती मरीजों को वार्डों में दवा नहीं मिलने और डॉक्टरों द्वारा बाहर से दवा मंगवाने पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी प्रकट की है। शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश गर्ग ने संभागीय आयुक्त केआर मीणा को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन में शुरू की गई मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना को विफल करने में लगी है। पूर्व पार्षद गुलाम मुस्तफा ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनकल्याणकारी योजना के तहत मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना को शुरू किया था। इस योजना के शुरू होने पर प्रदेश के लोगों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त में दवा मिल रही थी लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार इस योजना को गंभीरता से नहीं ले रही है। यही वजह है कि डॉक्टर्स भी मरीजों से बाजार से दवा मंगवा रहे हैं। पूर्व उपाध्यक्ष गर्ग ने मांग की है कि मुफ्त दवा योजना की सफल क्रियान्वयन के लिए एक दल का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि जो चिकित्सक मरीजों से बाजार से दवा मंगवा रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए । ज्ञापन देने वालों में साकेत गर्ग, अशोक बिंदल, अजीज चीता, राजकुमार जैन, महेंद्र तंवर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।