आपको शर्म आती है तो मैं कर दूं सफाई!
भास्कर न्यूज - अजमेर
प्रमुख शासन सचिव शिक्षा एवं चिकित्सा डॉ. सुबोध अग्रवाल के गत दिनों जेएलएन अस्पताल में किए गए निरीक्षण और साफ-सफाई के आदेश का भी अस्पताल प्रशासन पर कोई असर नहीं हुआ। शुक्रवार को जब अतिरिक्त संभागीय आयुक्त हनुमान सिंह भाटी अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे तो वही अव्यवस्थाएं फिर से सामने आईं जिन्हें पिछले दिनों डॉ. अग्रवाल ने सुधार के निर्देश दिए थे। इधर, निरीक्षण के दौरान सालों से बंद पड़े कमरे, कमरों में फैले पानी और गंदगी को देख अतिरिक्त संभागीय आयुक्त भाटी को यह कहना पड़ गया कि यदि आपको शर्म आती है, तो मैं यहां सफाई कर दूं। आप लोग ध्यान क्यों नहीं देते ?
भाटी शुक्रवार को अचानक जेएलएन अस्पताल पहुंचे। वे अस्पताल के कोने-कोने में गए और खुद व्यवस्थाओं को जांचा। रिकॉर्ड रूम के हालात देख वे दंग रह गए, जंग लगी अलमारियां और जर्जर होते रिकॉर्ड रूम में अवधि पार दवाओं का भी अंबार लगा था। एक कमरे में तो पानी भरा हुआ था। कुछ कमरों पर ताले लगे थे, जिन्हें भाटी ने मौके पर ही खुलवाया और काम में आने वाले सामान को दुरुस्त करने तथा बाकी सामान को डिस्पोज करने के निर्देश दिए। भाटी ने छत पर रखी पानी की टंकियों को भी देखा और पूछा कि इन्हें कब साफ किया गया। इस पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। अंत में उन्होंने टंकियों पर सफाई की तारीख लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्लूडी के एसई अविनाश शर्मा, एईएन उत्तरा शर्मा से भी मरम्मत के बारे में बात की। इसके अलावा बंद पड़ी लिफ्ट को जल्द ठीक करवाने के लिए भी प्रोबेशन ट्रेनी एईएन प्रदीप शर्मा को निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीसी वर्मा, मेडिकल कॉलेज के एडिशनल प्रिंसीपल डॉ. जीजी कौशिक समेत अन्य डॉक्टर मौजूद थे। भाटी ने अस्पताल अधीक्षक से कहा कि वे 28 जनवरी को वापस आकर व्यवस्थाओं को जांचेंगे। वे 27 तारीख तक साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को पूरा कर लें।