पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ऋषि घाटी रोड पर डेढ़ घंटे लगा जाम

ऋषि घाटी रोड पर डेढ़ घंटे लगा जाम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। ऋषि घाटी रोड पर शुक्रवार को करीब डेढ़ घंटे यातायात जाम रहा। जाम में दोनों तरफ से सैकड़ों वाहन फंस गए। ऋषि घाटी स्थित श्मशान स्थल के आसपास सड़क पर वाहनों की पार्किंग और ठेले व खोमचे वालों के अतिक्रमण के कारण यातायात जाम की स्थिति आम है। शुक्रवार दोपहर यातायात जाम में शव यात्रा वाहन और उसमें शामिल लोग भी फंस गए। श्मशान स्थल में शव दाह संस्कार के लिए लकडिय़ां ले जाने के लिए भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वैकल्पिक मार्ग के बावजूद समस्या बरकरार: ऋषि घाटी से पुष्कर की ओर से जाने वाले मार्ग पर यातायात भार कम करने के लिए आनासागर रामप्रसाद घाट वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। इसके बावजूद यातायात जाम की समस्या बरकरार है। ऋषि घाटी से श्मशान स्थल के आसपास सड़क पर वाहनों की पार्किंग और ठेले-खोमचे वालों का अतिक्रमण होने के कारण जाम की स्थिति बनती रही है।
शव यात्रा के दौरान चरमराती है यातायात व्यवस्था: ऋषि घाटी श्मशान स्थल पर शव यात्रा आने के दौरान रोजाना इस मार्ग की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। सड़क किनारे अतिक्रमण के अलावा शव यात्रा में शामिल लोगों के वाहनों की कतार से यातायात जाम हो जाता है। शव यात्रा में शामिल लोग जल्दबाजी में बेतरतीब तरीके से चौपहिया और दुपहिया वाहनों को सड़क के आसपास खड़ा कर श्मशान स्थल में चले जाते हैं। शुक्रवार दोपहर को ऋषि घाटी श्मशान स्थल में चार शव यात्राएं पहुंची थी, इससे पुष्कर, कोटड़ा, रीजनल कालेज, फॉयसागर रोड, नागफणी और अन्य इलाके के लोगों की गति थम जाती है। लोग बड़ी मुश्किल से ऋषि घाटी पार कर पाते हैं।
ऐसे हो सकता है समस्या का निराकरण: ट्रेफिक पुलिस के डीएसपी राजेन्द्र सिंह राव के अनुसार श्मशान स्थल में आने वाले शव यात्राओं में शामिल लोगों को वाहन सड़क की लाइन के भीतर ही खड़े करने चाहिए। शव यात्राओं में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह की भी जरूरत है। सड़क किनारे अतिक्रमण पर भी रोक लगनी चाहिए। राव ने बताया कि श्मशान स्थल के निकट ट्रेफिक पुलिस के जवान तैनात होंगे।व्यवस्था बनाने में जन सहयोग भी जरूरी है।