85 बच्चों को गर्म कपड़े वितरित
अजमेर। लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से शुक्रवार को केसरगंज स्थित दयानंद बाल सदन के 85 बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए गए। बच्चों को ऊनी वस्त्र, गणवेश, फल तथा बिस्किट वितरित किए गए।
अध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि पूर्व सांसद एवं विद्यालय संरक्षक रासासिंह रावत, उप प्रधान सोमरत्न आर्य, लायंस क्लब अंतर्राष्ट्रीय के क्षेत्रीय अध्यक्ष अर्जुनदास टेवानी के मुख्य आतिथ्य में वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर संभागीय अध्यक्ष अतुल पाटनी ने कहा कि आस्था परिवार जरूरतमंदों की सेवा में ही ईश्वर के दर्शन की अनुभूति करता है। तेज सर्दी में क्लब की ओर से चलाए जा रहे गर्म कपड़ों का वितरण कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा। वितरण कार्य में समाज सेवी राकेश पालीवाल, प्रभात क्लब के सदस्य, महेश मित्तल, शिव प्रकाश सोनी, मोतीलाल सोनी, यशवंत जैन व आशीष शर्मा आदि का सहयोग रहा।