पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नाले में मिला 24 घंटे पहले जनमा मासूम

नाले में मिला 24 घंटे पहले जनमा मासूम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अजमेर
मेरा कसूर क्या है मां? शायद यही सवाल जेएलएन अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड के आइसीयू में भर्ती नवजात शिशु की आंखों में हैं। नवजात शिशु शुक्रवार को बैग में बंद धोलाभाटा चौहानों का बेरा इलाके में नाले में पड़ा मिला था। लोगों की सूचना पर अलवर गेट थाना पुलिस ने बच्चे को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे का स्वास्थ्य सामान्य है। पुलिस इस बारे में पड़ताल कर रही है कि कौन है, जो नौ माह कोख में रखने के बाद बेटे को नाले में फेंक गई। पुलिस के अनुसार धोलाभाटा चौहानों का बेरा इलाके में सिंचाई विभाग के नाले में शुक्रवार को बैग में बंद नवजात को एक कचरा बीनने वाले युवक ने देखा था। युवक नाले में कचरा बीनने के लिए उतरा था। उसने नाले में बैग पड़ा देखा। बैग की चेन लगी हुई थी। जिज्ञासा वश उसने चेन खोली तो उसे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। वह बैग छोड़ कर बाहर निकला और इलाके के लोगों को बच्चे के बारे में बताया। लोगों ने बैग को नाले से बाहर निकाला। बैग में बच्चा रो रहा था। लोगों की सूचना पर अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को कब्जे में लेकर उसे जेएलएन अस्पताल के शिशु रोग विभाग पहुंचाया, जहां उसे भर्ती किया गया। उपचार के बाद बच्चे की हालत सामान्य हो गई। इस बच्चे का जन्म एक दिन पहले ही हुआ है। पुलिस ने अज्ञात कुमाता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बारे में तफ्तीश कर रही है कि कौन है, जो अपने मासूम को नाले में फेंक गया।