खफा रेल कर्मियों ने किया प्रदर्शन
अजमेर - ऑन ड्यूटी रेल कर्मचारियों की दुर्घटना में मौत होने मामलों में रेल प्रशासन के प्रशासन के असंवेदनशील रवैये पर रोष जताया गया है। इस मुद्दे को लेकर नार्थ वेस्टर्न रेलवे एंप्लाइज यूनियन ने शुक्रवार को डीआरएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए रेलकर्मियों ने ‘रेल प्रशासन मुर्दाबाद’, ‘रेल कर्मचारी की जान से मत खेलो’ और ‘सुरक्षा उपकरण मुहैया कराओ’ सहित अन्य नारे लगाकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
मंडल सचिव अरुण गुप्ता ने बताया कि दिनोंदिन रेल हादसे बढ़ रहे हैं। पिछले दिनों जवाईबांध के समीप इंजीनियरिंग विभाग के दो रेल कर्मचारी ट्रेन से कटकर मौत का शिकार हुए। इसके बावजूद रेलकर्मी की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। यूनियन की ओर से कई बार रेलकर्मियों की सुरक्षा की मांग की जा चुकी है। दिनरात लाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने में रेल प्रशासन की विफलता पर असंतोष व्यक्त किया गया। मंडल अध्यक्ष मोहन चेलानी ने कहा कि रिक्तियों के चलते काम का अतिरिक्त दबाव है। अधिकारियों की ओर से नियम ताक में रखकर शीघ्र काम कराने के कारण रेल कर्मचारी तनाव झेलने के लिए मजबूर हैं।
सांत्वना देने तक नहीं पहुंचे अधिकारी : चेलानी ने कहा कि हादसे में दो रेलकर्मियों की मौत होने के बावजूद अजमेर से कोई बड़ा अधिकारी मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने तक नहीं पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान महासचिव मुकेश माथुर, भूपेंद्र भटनागर, जयसिंह कुलहेरी, बलदेवसिंह, एनएल मीणा, राजीव शर्मा, अखिलेश चारण, झाबर सिंह चौधरी, सुंदरसिंह राठौड़ और सारिका जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।