चालक-खलासी से मारपीट कर लूटे ४५ हजार
भास्कर न्यूज - मदनगंज-किशनगढ़
अजमेर-जयपुर हाइवे स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार सुबह तीन युवकों ने ट्रक चालक व खलासी के साथ मारपीट कर ४५ हजार रुपए की नकदी लूट ली। खलासी ने गांधीनगर थाने में तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांधीनगर थाना पुलिस के अनुसार पंजाब निवासी ट्रक खलासी रामलोक ने रिपोर्ट देते हुए बताया कि उनका ट्रक रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट खड़े थे। ट्रक की स्टेप्नी खो जाने के कारण वे सुनसान क्षेत्र में ट्रक खड़ा कर स्टेप्नी ढूंढ रहे थे। सुबह ६ बजे के आसपास तीन युवक आए और चालक राजेश व खलासी रामलोक के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने जमकर पिटाई करना शुरू कर दिया। साथ ही उनके पास रखे ४५ हजार रुपए नकद लूट कर फरार हो गए। खलासी की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पहले टायर चैक करते हुए टोका
गांधीनगर थाना एसएचओ प्रभुदयाल ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान सुबह ३ बजे के आसपास ट्रक चालक व खलासी रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट टॉर्च से लाईट जलाकर टायरों में कुछ चैक कर रहे थे। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उनसे सड़क पर ट्रक खड़ा कर टॉर्च से ढूंढने का कारण पूछा तो दोनों ने टायर की स्टेप्नी गिरने की बात कही। इस पर पुलिसकर्मियों ने जीप की लाईट जलाकर उनकी स्टेप्नी ढूढने में मदद की पर स्टेप्नी नहीं मिली। इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हे सुनसान क्षेत्र की बजाय ढ़ाबे पर ट्रक खड़ा करने की बात कही। उसके बाद जाप्ता आगे रवाना हो गया। पीछे ये वारदात हो गई।