- Hindi News
- बोर्ड का केंद्रीय संग्रहण केंद्र एक महीना विलंब से होगा खाली!
बोर्ड का केंद्रीय संग्रहण केंद्र एक महीना विलंब से होगा खाली!
भास्कर न्यूज.अजमेर
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का केंद्रीय उत्तर पुस्तिका संग्रहण केंद्र इस बार लगभग एक महीना विलंब से खाली होगा। इसके पीछे मुख्य कारण रद्दी टेंडर प्रक्रिया में देरी होना बताया जा रहा है।
बोर्ड कार्यालय में ही स्थित केंद्रीय उत्तर पुस्तिका संग्रहण केंद्र में बोर्ड की मुख्य परीक्षा 2013 की उत्तर पुस्तिकाएं और अन्य सामग्री भरी है। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक बोर्ड प्रबंधन की ओर से आमतौर पर इस केंद्रीय उत्तर पुस्तिका संग्रहण केंद्र को जनवरी के अंत तक खाली करा लिया जाता है। इस बार बोर्ड की ओर से ही टेंडर कॉल किए गए हैं और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 11 फरवरी तय की गई है, जबकि 12 फरवरी को टेंडर खोले जाएंगे।
टेंडर खुलने के बाद लगेंगे 15 दिन : बोर्ड सूत्रों के मुताबिक 12 फरवरी को टेंडर पूरे होने के बाद भी केंद्रीय उत्तर पुस्तिका संग्रहण केंद्र खाली कराने में 15 दिन का समय लगेगा। इस हिसाब से बोर्ड को करीब फरवरी अंत या मार्च के शुरू में यह संग्रहण केंद्र खाली मिल सकेगा। बोर्ड सूत्रों का कहना है कि संभावना यही है कि 6 मार्च से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं के पूर्व यह संग्रहण केंद्र खाली हो सकेगा। वैकल्पिक जरूरत होने पर बोर्ड के सिविल लाइंस स्थित कैंपस में बनाए टेट दफ्तर में परीक्षा सामग्री रखवाई जा सकती है।
2 करोड़ से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं : सूत्रों के मुताबिक बोर्ड की 2013 की मुख्य परीक्षाओं में करीब 20 लाख विद्यार्थी प्रविष्ट हुए थे। इन विद्यार्थियों की करीब दो करोड़ उत्तर पुस्तिकाएं और बोर्ड परीक्षाओं के शेष रहे प्रश्न पत्रों के बंडल आदि भी संग्रहण केंद्र में बताए जा रहे हैं। इन उत्तर पुस्तिकाओं का अनुमानित वजन ही 6 हजार 250 क्विंटल आंका गया है।
इसलिए हुई देरी : बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष प्रो. पीएस वर्मा के कार्यकाल के दौरान की गई सभी टेंडर प्रक्रियाओं को नई सरकार ने रद्द कर दिया था। अब सरकार की हरी झंडी मिलने पर बोर्ड प्रबंधन ने टेंडर जारी किए हैं।