- Hindi News
- चोरों ने पांच वारदात में उड़ाया 25 लाख का माल
चोरों ने पांच वारदात में उड़ाया 25 लाख का माल
भास्कर न्यूज. अजमेर
गणतंत्र दिवस के मौके पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के पुलिस के तमाम दावों को धता बताते हुए शातिर चोरों ने चौबीस घंटे में पांच वारदात को अंजाम देते हुए करीब 25 लाख रुपए का माल पार किया। शुक्रवार रात चोर रेडीमेड गारमेंट्स के तीन शोरूम के ताले तोड़कर ब्रांडेड कंपनियों के महंगे कपड़े और जूते समेटकर ले गए, जबकि क्रिश्चियन गंज क्षेत्र के मित्र नगर और नरवर गांव में चोरों ने दो सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार की। उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों की चैकिंग का दावा कर रहा है, ताबड़तोड़ चोरी की वारदात से पुलिस की सजगता पर सवाल लग गए हैं।
पुलिस चौकी के नजदीक चोरों की दस्तक : शातिर चोरों ने शुक्रवार रात क्रिश्चियन गंज पुलिस चौकी के नजदीक आदित्य बिड़ला ग्रुप की लीनेन क्लब शोरूम के ताले तोड़ करीब आठ लाख का माल समेट लिया। चोरों ने यहां लगे सीसी कैमरों को भी तोड़ दिया। शोरूम मालिक सर्वेश्वर माहेश्वरी ने बताया कि चोर शोरूम से 64 हजार रुपए कीमत के 8 ब्लेजर, 62 हजार रुपए के 25 वेस्ट कोट, बीस हजार रुपए के स्ट्रॉल, करीब 61 हजार के 2 सूट लेंथ, सवा लाख रुपए के कपड़े के थान, 60 हजार रुपए की 25 शर्ट और अन्य कीमती कपड़े ले गए। वारदात से पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। शनिवार को क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया और फिंगर-प्रिंट लिए हैं।
कैमरे तोड़े, 12 लाख का माल साफ : शातिर चोरों ने शुक्रवार रात जयपुर रोड पर लिवाइस कंपनी के शोरूम पर धावा बोला। चोरों ने ताले तोड़कर सबसे पहले शोरूम के सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया। शोरूम संचालक आशीष के अनुसार चोर गल्ले में रखी कारोबार की राशि करीब 65 हजार रुपए कैश और करीब 12 लाख रुपए के ब्रांडेड कंपनी के जूते, शर्ट, पेंट, कोट और अन्य सामान समेटकर ले गए।
कार में माल भरकर ले गए चोर : शातिरों ने वारदातों में कार और जीप का उपयोग किया था। शुक्रवार रात को सावित्री चौराहे पर स्थित रेडीमेड गारमेंट के शोरूम साना एंड फैशन के ताले तोड़ कर शातिरों ने कार में कपड़े और अन्य सामान भर लिया। रात्रि गश्त कर रहे पुलिस दल को देखकर चोर कार लेकर भाग छूटे। पुलिस ने कार का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। शोरूम संचालक के अनुसार करीब छह लाख रुपए का माल चोर ले गए।
सूने मकानों से भी समेटा तीन लाख का माल : चोरों ने क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में मित्र नगर रातीडांग इलाके में बजरंग लाल के सूने मकान का ताला तोड़ सोने-चांदी के जेवर और 15 हजार रुपए नकदी सहित करीब डेढ़ लाख का माल समेट लिया। बजरंग लाल परिवार के साथ 15 जनवरी को भीलवाड़ा गया था। वापस लौटा तो घर के ताले टूटे मिले। इसी तरह टिढाना की ढाणी नरवर निवासी जीवत सिंह के सूने मकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े शातिर चोरों ने वारदात की। जीवत सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर डेढ़ किलो चांदी, सोने के जेवर और नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपए का माल ले गए।
जेवरात की दो दुकानों के ताले तोड़े : शातिर चोरों ने शुक्रवार रात क्रिश्चियन गंज थाने के निकट गणपति टावर के पास स्थित लक्ष्मी ज्वैलर फर्म के ताले तोड़ कर करीब डेढ़ लाख रुपए के जेवर और सामान चुरा लिया। कृष्णा ज्वैलर्स दुकान के भी ताले चोरों ने तोड़े लेकिन जाग होने के कारण माल नहीं ले जा पाए।