- Hindi News
- 15 लाख युवाओं को देंगे रोजगार65वां गणतंत्र दिवस जिले में धूमधाम मनाया गया, कैबिनेट मंत्री ने किया 55
15 लाख युवाओं को देंगे रोजगार65वां गणतंत्र दिवस जिले में धूमधाम मनाया गया, कैबिनेट मंत्री ने किया 55 प्रतिभाओं को सम्मानित
भास्कर न्यूज. अजमेर
65वां गणतंत्र दिवस समारोह रविवार को जिले में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पटेल मैदान पर आयोजित मुख्य मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह के दौरान 55 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए प्रो जाट ने कहा कि कहा कि शिक्षा की गुणवक्ता में सुधार की आवश्यकता है। बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा देने के साथ ही 15 लाख युवाओं को रोजगार भी मुहैया कराए जाएंगे। राज्य के विकास के लिए मुख्यमंत्री राजे के विगत कार्यकाल की पेयजल एवं सिंचाई संबंधी महत्वपूर्ण योजनाओं को फिर से लागू किया जाएगा। महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखते हुए चिकित्सा के समस्त संसाधन उपलब्ध कराते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री राजे की कल्पना है कि प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में आए और इसी उद्देश्य को लेकर उन्होंने 60 दिन की कार्ययोजना को लागू किया है। इससे पूर्व प्रो जाट ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में उपनिरीक्षक सुधीश कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, प्लाटून कमांडर पूजा तंवर के नेतृत्व में हाड़ी रानी बटालियन, प्लाटून कमांडर नीतू राठौड़ के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस प्लाटून महिला व प्लाटून कमांडर विक्रम सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस प्लाटून पुरुष, धर्मी चंद के नेतृत्व में राजस्थान होमगार्ड, कैलाश चारण के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स, महेश चौधरी के नेतृत्व में राजस्थान मिलिट्री स्कूल, कन्या महाविद्यालय की रेंजर टीम ने भाग लिया। मार्च पास्ट को नाथूलाल के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस बैंड, दीक्षा रामचंदानी के नेतृत्व में सेंट पॉल स्कूल बैंड, शब्बीर खान के नेतृत्व में केंद्रीय कारागृह बैंड, विवेक के नेतृत्व में गुरुकुल बैंड ने मनोहारी दृश्य बना दिया। मार्च पास्ट के अंत में पर्यटन विभाग के तहत ऊंटों पर रंग बिरंगी पोशाकों में सवार बीकानेर के जवान देखते ही बन रहे थे। कलाकार सोहन भाट के नेतृत्व में शेखावटी का कच्छी घोड़ी नृत्य आकर्षक बना हुआ था। बारां जिले के चकरी नृत्य कलाकारों और बाड़मेर जिले के गैर नृत्य एवं रामप्रसाद हलवाई के नृत्य दल ने अपनी रंगारंग प्रस्तुति से मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रो जाट ने स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी ईश्वर सिंह बेदी, शोभालाल गहरवाल, किशन अग्रवाल एवं रामदास गुप्ता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन रामकली, नर्बदा देवी वर्मा, शांति देवी तंवर, जानकी टी गोकलानी एवं रजिया बेगम को भी सम्मानित किया गया।समारोह में अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी, अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, महापौर कमल बाकोलिया, जिला प्रमुख सीमा माहेश्वरी, रासासिंह रावत, ओंकार सिंह लखावत, जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार शर्मा, संभागीय आयुक्त आरके मीणा, पुलिस महानिरीक्षक अमृत कलश, कलक्टर वैभव गालरिया, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार, अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक बी राणावत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सीआर मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद थे।