- Hindi News
- ०० सांसद के लिए पायलट ही सर्व सम्मत उम्मीदवार देहात कांग्रेसबागियों को पार्टी में वापस नहीं लेन
०० सांसद के लिए पायलट ही सर्व सम्मत उम्मीदवार- देहात कांग्रेसबागियों को पार्टी में वापस नहीं लेने का भी निर्णय
‘सांसद के लिए पायलट ही सर्व सम्मत उम्मीदवार’
अजमेर जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा चुनाव में अजमेर संसदीय क्षेत्र से वर्तमान सांसद सचिन पायलट को ही सर्व सम्मति से सांसद का उम्मीदवार घोषित कराने का फैसला लिया है। कमेटी ने विधानसभा चुनाव में करारी हार के कारणों का पता लगाने तथा उनमें सुधार कर आगामी चुनाव में जीत हासिल करने समेत बागियों को पार्टी में स्थान नहीं देने संबंधी प्रस्तावों को भी पारित किया है।
देहात कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नाथू राम सिनोदिया की अध्यक्षता में सोमवार को इंडोर स्टेडियम में हुई बैठक में सिनोदिया ने प्रस्ताव रखा था कि आगामी लोक सभा चुनाव में पायलट को ही संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया जाए। पार्टी महामंत्री बीरम सिंह, उपाध्यक्ष इंसाफ अली तथा प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक में बीरम सिंह ने यह प्रस्ताव रखा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की बगावत के कारण जिन लोगों का निष्कासन किया गया है उन्हें किसी भी सूरत में पार्टी में वापस शामिल नहीं किया जाए। इस प्रस्ताव को भी कमेटी ने शामिल कर लिया। इसके साथ ही पार्टी प्रवक्ता राठौड़ ने प्रस्ताव रखा कि चुनाव में हुई हार के कारणों विधानसभा वार समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में खामियों को सुधार कर पार्टी को जीत की दिशा में ले जाया जा सके।
कमेटी की बैठक में यह प्रस्ताव भी रखा गया कि देहात कांग्रेस के उन पदाधिकारियों को पद से मुक्त किया जाए जो लगातार बैठकों व पार्टी कार्यक्रमों में भाग नहीं लेते हैं। उनके स्थान पर युवा व सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि संगठन में सक्रियता आ सके व लोगों का जुड़ाव पार्टी से हो सके। बैठक में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव सुशील शर्मा तथा जिला प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौड़ भी मौजूद थे। जिन्होंने कहा कि 29 व 30 जनवरी को जयपुर में पंचायत राज तथा पालिका जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के पंचायत समिति, जिला परिषद सदस्य, प्रधान तथा अन्य लोग शामिल होंगे। जबकि दूसरे दिन पालिका अध्यक्ष, परिषद सदस्य, निगम चेयरमैन, पार्षदगण सम्मेलन में शामिल होंगे।