डिस्कॉम एमडी ने सुनी समस्याएं
अजमेर. अजमेर डिस्कॉम के एमडी बी राणावत ने सोमवार को पीसांगन विद्युत सब स्टेशन पर विशेष विद्युत चौपाल लगाकर विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपभोक्ताओं ने पीसांगन क्षेत्र डार्क जोन में आने से यहां विद्युत कृषि कनेक्शन नहीं होने की समस्या बताई। राणावत ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के ध्यान में यह मामला लाकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए यहां अगले वर्ष सहायक अभियंता का कार्यालय खोलने का प्रयास होगा। तब तक प्रति माह दो दिवस तक एईएन पीसांगन में शिविर लगाए जाएंगे। विद्युत चोरी के प्रकरणों में जहां वीसीआर गलत भरी हुई है उन प्रकरणों का अंकेक्षण किया जा रहा है। उसका निराकरण कर अधिक जमा राशि समायोजित की जाएगी। पीसांगन पंचायत समिति के प्रधान श्रीमती कमलेश कंवर पोखरणा, उपखंड अधिकारी डॉ राजेश गोयल ने पीसांगन में विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए सहायक अभियंता कार्यालय की जरूरत बताई। पूर्व जिला प्रमुख पुखराज पहाडिय़ा सहित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी दी। इस मौके पर चीफ इंजीनियर बीएस रत्नू तथा एसई एनएस निर्वाण भी मौजूद थे।