विभिन्न हादसों में तीन की मौत
भास्कर न्यूज - मांगलियावास
राजीव गांधी पार्क के पास सोमवार रात एक पिकअप जीप की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को अजमेर के जेएलएन में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सुपुर्द किया। एएसआई छीतर सिंह ने बताया कि केसरपुरा निवासी अमरचंद पुत्र बीरम मेघवंशी सोमवार रात ट्रक को तबीजी गैस प्लॉट में खड़ाकर बाइक से केसरपुरा के लिए रवाना हुआ। जैसे ही राजीव गांधी पार्क के सामने पहुंचा तो पिकअप जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौक पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद राजमार्ग पर जाम लग गया। मृतक के शव व क्षतिग्रस्त बाइक को हटाकर मार्ग को खुलवा गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। यहां मंगलवार को को शव को पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजन को सौंपा। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से बोरवेल मैनेजर की मौत
ब्यावर रोड स्थित बाइपास तिराहे पर ट्रक की टक्कर से तमिलनाडु का एक बोरवेल मैनेजर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अजमेर जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी रवींद्र खींची ने बताया कि तमिलनाडु के जिंडूकल निवासी येश्रवानंद पुत्र अमावास इंडूश राजस्थान में तीन साल से एक बोरिंग वाहन पर बोरवेल मैनेजर का काम कर रहा था। वह सोमवार रात बाइक से ब्यावर से मांगलियावास लौट रहा था। इसी दौरान बाइपास तिराहे पर सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की इत्तला पर मांगलियावास पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एंबुलेंस की सहायता से अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने साथी कार्मिक इस्माइल खां की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। शव को उसके मामा कामू को सौंप दिया।
जहरीली दवा छिड़कते युवक की मौत
जेठाना में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय दवा के प्रभाव से अचेत किसान ने सोमवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मंगलवार को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजन को सुपुर्द किया। एएसआई छीतर सिंह ने बताया कि जेठाना निवासी लालाराम उर्फ हर करण पुत्र भंवर लाल गंगवाल खेत पर सोमवार को फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय दवा के प्रभाव से अचेत हो गया। शाम को परिजन ने इलाज के लिए उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सुपुर्द किया। मृतक के चचेरे भाई जुगराज की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।