०० सार समाचार 123
आयोजन
अभिकर्ताओं का किया अभिनंदन
एलआईसी अजमेर मंडल द्वारा मंगलवार को एमडीआरटी 2014 में पात्रता वाले अभिकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। यह पहला मौका था जब 23 अभिकर्ताओं ने मिलियन डॉलर राउंड टेबल-2014 पात्रता हासिल की। विपण प्रबंधक सुधांशु मोहन मिश्र ने बताया कि इस मौके पर अभिकर्ताओं का विशेष सम्मान किया गया।
स्थापना दिवस मनाया
धानका जनजाति युवा मोर्चा का पहला स्थापना दिवस मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर आगामी वर्ष के लक्ष्य निर्धारित किए गए। जिसमें परिचय सम्मेलन, प्रतिभावान का सम्मान, महिला उत्थान, खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। पश्चात शाम को अम्बेडकर सर्किल पर दीपदान कर आतिशबाजी की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष लक्ष्मीकांत आर्य, कपिल डाबले, गोविंद निर्वाण, मुकेश परमार, महेश चंद, विक्रम कायथ, राहुल, कपिल, नरेश, दीपक, मोहनलाल गोविंद धानका, सोनू, राहुल धानका मौजूद थे।
साफ सफाई कर पौधरोपण किया
भारतीय जनता युवा मोर्चा वार्ड 42 के अध्यक्ष आशीष तंवर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अजमेर- पुष्कर मार्ग स्थित सांझी छत स्थान पर साफ सफाई कर पौधरोपण किया। तंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राजस्थान में स्वच्छता एवं सुंदर शहर का अभियान चलाया है। जिसके तहत यह उनकी छोटी सी पहल है। इस कार्य में सुनील सोनी, जोनी तंवर, दिनेश, निमित, दुर्गेश, गौरव, निशांत, हिमांशु, सुमित, अनिल सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्नेह मिलन सम्मेलन संपन्न
अखिल भारतीय रैगर महासभा जिला शाखा अजमेर का स्नेह मिलन सम्मेलन रविवार को प्रदेश सचिव मदन दौलिया की अध्यक्षता में गंगा मंदिर पुष्कर में आयोजित किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि किशनलाल खेतावत और राष्ट्रीय महामंत्री ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में गोविंद राम, देवाराम, नौरतमल सोहन लाल, चंद्रा नौगिया, को सम्मानित किया गया। अंत में पांचू फुलवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हरीश चंद बाकोलिया ने किया। कार्यक्रम में नारायण मौर्य, अर्जुन लाल, जगदीश प्रसाद, सूरज मल, जैराम लाल सहित शामिल थे।
तिलोनिया में संस्कृति शैक्षिक भ्रमण
संस्कृति द स्कूल के कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान समाज कार्य एवं अनुसंधान केन्द्र, तिलोनिया में सौर ऊर्जा बनाने की विधि तथा सौर ऊर्जा के उपयोग समझे । वहां के ‘कबाड़ से जुगाड़’ केन्द्र में पुराने और रद्दी सामान से हस्तशिल्प के नमूने बनाने की कार्य - प्रणाली सीखी। पुराने कपड़ों तथा रद्दी अखबारों की लुगदी से बनी कठपुतलियों का शो मनोरंजन हेतु दिखाया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का संचालन प्रधानाध्यापिका अल्पना परमार ने किया। ममता गोयल तथा ममता त्यागी ने अन्य अध्यापिकाओं के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
बैठक
सामूहिक विवाह सम्मेलन पर चर्चा
क्षत्रिय फूल मालियान सामूहिक विवाह समिति किशनगढ़ की बैठक शिवाजी नगर कार्यालय पर मूलचंद गढ़वाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 3 मार्च को होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए चर्चा की गई। संचालन किशन लाल डारीवाल ने किया।
संस्था समाचार
बडग़ोतिया वार्ड 31 के प्रमुख
राजस्थान शिवसेना कमांडो फोर्स जिला प्रमुख ठाकुर कंचन पाल चौहान द्वारा मदन मोहन बडग़ोतिया को वार्ड 31 के वार्ड प्रमुख पद पर नियुक्त किया गया।
क्लेनेंट उपाध्यक्ष
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पुष्कर अध्यक्ष ओम प्रकाश गुर्जर ने पुष्कर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष पद पर सैम्यूअल क्लेनेंट को नियुक्त किया है।
विविध
जरूरतमंद बच्चों को बांटी चप्पल
लायंस क्लब अजमेर उमंग द्वारा मंगलवार को जरूरतमंद बच्चों को चप्पल प्रदान की गई। क्लब अध्यक्ष लायन राजेंद्र कुमार गांधी ने बताया कि लायन हेमंत तायल की ओर से पीसांगन पंचायत समिति के खेड़ा पृथ्वीराज की राजकीय सीसै स्कूल के सौ विद्यार्थियों को चप्पल एवं लायन ओम प्रकाश गुप्ता की ओर से 40 दरी पट्टी भेंट की गई। इस अवसर पर लायन महेंद्र जैन, सुरेंद्र मित्तल, सीपी मिश्रा, पंकज शर्मा, मंजू जैन आदि मौजूद थे।
अध्यापक रावत का सम्मान
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुढ़ा ((श्रीनगर)) में कार्यरत अध्यापक लाडू सिंह रावत को विधानसभा चुनाव के दौरान आम चुना, मतदाता जागरूकता, कार्य निष्पादन, निष्ठा और कुशलता के साथ संपादित करने के फलस्वरूप राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बांगड़ पुष्कर में आयोजित समारोह में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिला कृषक दल भ्रम के लिए रवाना
राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजनांतर्गत कृषक भ्रमण कार्यक्रम के तहत 28 जनवरी से 1 फरवरी तक 5 दिवसीय भ्रमण के लिए 50 महिला कृषकों का दल मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के लिए रवाना हुआ। कृषक दल को उपनिदेशक कृषि ((विस्तार)) जितेंद्र सिंह शक्तावत, सहायक निदेशक उद्यान कैलाश चंद मेघवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विभिन्न मांगों के लिए धरना आज
राजस्थान आयुर्वेद संयुक्त संघर्ष नर्सेज एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को सुबह 11 बजे बेरोजगार आयुष नर्सेज द्वारा आयुष नर्सेज भर्ती की वरीयता सूची जारी करने एवं बचे हुए पदों पर दस्तावेज सत्यापन की मांग को लेकर निदेशालय आयुर्वेद विभाग सावित्री चौराहा पर धरना दिया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष धनुष राम मीणा ने बताया कि धरने में प्रदेश के सैकड़ों बेरोजगार आयुष नर्सेज सम्मिलित होंगे।
आरटीई का फायदा गरीबों को मिले
राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव मोहम्मद शब्बीर खान के नेतृत्व में शिष्ट मंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर जिला स्तर पर सुप्रीम कोट के आदेशानुसार 25 प्रतिशत बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश की मांग की जाएगी। खान ने बताया कि जिला स्तर पर एक प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, आरटीई की पालना सुनिश्चित करने, आरटीई का फायदा गरीबों को दिलाने की मांग की जाएगी।
आई बैंक सोसायटी को मिला नेत्रदान
आई बैंक सोसायटी की टीम ने गत रात जनता कॉलोनी वैशाली नगर निवासी 62 वर्षीय चेलाराम खेमानी की मृत्यु की सूचना पर टीम ने उनके निवास पर उनके पुत्र दौलत खेमानी से सहमति लेकर नेत्र प्राप्त किए। सोसायटी के पास अब 911 कोर्निया जमा है।
श्रद्धांजलि
ऐरन को मातृशोक
अग्रसेन नगर निवासी रतन लाल व नरेंद्र ऐरन ((एईएन पीएचईडी)) की माता सीता देवी ((89)) का निधन मंगलवार को हो गया। उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।