सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं किसान
भास्कर न्यूज - अजमेर
जिला कलेक्टर वैभव गालरिया ने कहा कि किसान उन्नत कृषि तकनीकों का इस्तेमाल कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और कृषि विकास में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि जिले में हर पंचायत समिति की एक ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है। गालरिया मंगलवार को जवाहर रंगमंच पर भू-संसाधन विभाग की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
गालरिया ने कहा कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू कर रखी हैं। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों को विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन के स्तर पर आने वाली सभी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। गालरिया ने भू-संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले की आठों पंचायत समितियों में एक-एक ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में चिह्नित कर उसमें वाटरशेड से संबंधित सभी योजनाओं व सुविधाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रमुख सीमा माहेश्वरी ने कहा कि जिला परिषद की ओर से ग्रामीण विकास के कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ अमल में लाया जाएगा। भू-संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता शरद गेमावत ने बताया कि प्याज भंडारण, मशरूम खेती अनुदान एवं फार्म पॉण्ड योजना सहित कई ऐसी योजनाएं हैं जिन पर सरकार की ओर से अनुदान मिलता है। कृषक इन योजनाओं का लाभ उठाएं।