पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘सभी एकजुट रहें और पार्टी को मजबूत बनाएं’

‘सभी एकजुट रहें और पार्टी को मजबूत बनाएं’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - मसूदा
हर आदमी पायलट है एवं वह अपने काम पायलट बनकर ही करे। आज मैं आप लोगों से मिलने के लिए ही आया हूं। यह बात अजमेर सांसद एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने ग्राम नीमगढ़ में सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी ने बड़ा पद देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। यह सब आपके ही आशीर्वाद से हुआ है, इसीलिए मैं आपसे मिलने के लिए आया हूं, वोट मांगने नहीं आया हूं। साथ ही आप सभी पायलट बनकर ही काम करें एवं अपनी पार्टी को मजबूत बनाएं, सब एक होकर काम करेंगे, तभी पार्टी और देश का विकास होगा। इसी प्रकार ग्राम लूलवाखास में सचिन पायलट का भव्य स्वागत किया गया। सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि आप सभी एकजुट रहें एवं आपस में भाईचारा बनाए रखें, तभी स्वयं का विकास संभव होगा। पायलट ने कहा कि मुझे सभी जगहों पर जाना था, लेकिन आप सभी के प्यार स्नेह ने ही मुझे यहां बुलाया है और मैं आप लोगों से मिलने आया हूं।
‘मेहरात समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिले’
ग्राम भरकाला में सभा को संबोधित करते हुए पायलट ने कहा कि पूर्व में जो गलतियां हुई हैं, वह आगे नहीं होगी। मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि मेहरात समाज को पार्टी में उचित प्रतिनिधित्व मिले। मगरे के विकास के लिए मैंने पूरा प्रयास किया कि सेना भर्ती में लेकिन कुछ कारणों से वह पूरा नहीं हो पाया है, लेकिन आगे इन सभी को ध्यान में रखा जाएगा। मैं आप लोगो को पूरा विश्वास दिलाता हूं। इस दौरान पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत, ब्लॉक अध्यक्ष सरदारा काठात, सलीम बाबू, पूर्व सरपंच दौलत सिंह मेडतिया, एडवोकेट अनिल मिश्रा, सलीम बाबू, बेगलियावास सरपंच हजारी सिंह रावत, एस.के. मस्ताना, राकेश पारीक, इकबाल सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। सचिन पायलट रात्रि विश्राम ग्राम भरकाला में सलीम काठात के घर पर करेंगे।
सरपंच का किया विरोध
ग्राम लूलवाखास में सांसद कोष से स्वीकृत स्कूल के खेल मैदान की चारदीवारी के लिए राशि का उपयोग नहीं होने से सरपंच भंवरी देवी एवं पूर्व सरपंच मेवा काठात का ग्रामीणों ने विरोध किया। वहीं मेवा काठात विरोध के चलते सभा में दिखाई नहीं दिए।



कांग्रेस को मजबूत बनाना है

खरवा - नवनियुक्त राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व केंद्रीय कंपनी मामलात मंत्री सचिन पायलट के पहली बार खरवा पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। एक दिवसीय जिले के दौरे के दौरान मसूदा विधानसभा क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाडिय़ों को क्रिकेट किट बांटे। इसी दौरान पायलट ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी है। विधानसभा चुनावी नतीजे हम स्वीकार करते हैं। चुनावी हार-जीत तो होती रहती है। इससे हमें निराश होने की जरूरत नहीं है। हम सबको मिलकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाना है व लोकसभा चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराना है। बैठक के दौरान पायलट ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता बरकरार रखने की जरूरत बता कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की बात दोहराई। बैठक के बाद कानेड़ा महाराज मंदिर के मेला ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। वहां उन्होंने मसूदा विधानसभा क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाडिय़ों को क्रिकेट किट का वितरण किया। इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी व पूर्व विधायक ब्रह्मदेव कुमावत, अभयराज पदावत, भंवरलाल लोहरा, कम्मा काठात, सत्यनारायण सिंह, छविराज सिंह राठौड़, ब्लॉक अध्यक्ष सरदारा काठात, पूर्व प्रधान इंद्रा रावत व बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।