पुष्कर पुलिस को हाइटेक राइफलें मिलीं
भीकम शर्मा - पुष्कर
पुष्कर पुलिस थाने को पुराने जंग लगे हथियारों से छुटकारा मिल गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने अजमेर पुष्कर पुलिस थाने को सेमी ऑटोमेटिक हथियार आवंटित किए हैं। ये हथियार जिले भर में सिर्फ पुष्कर थाने को आवंटित हुए हैं। पुष्कर अति संवेदनशील स्थल है तथा यहां का विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर व इजरायलियों का धर्मस्थल बेथ खबाद हाउस आतंकियों के निशाने के पर हैं। पुलिस मुख्यालय ने आतंकी हमले की संभावना एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुष्कर पुलिस को हाइटेक हथियारों से लैस कर दिया है। अजमेर जिले में पुष्कर पहला पुलिस थाना है जहां पुलिस मुख्यालय की ओर से सेमी ऑटोमेटिक राइफल उपलब्ध कराई गई हैं। थानाप्रभारी महिपाल चौधरी ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ने थाने को 12 सेमी ऑटोमेटिक एसएलआर 7.62 एमएम राइफल आवंटित की हैं।
जंग लगी राइफलों से मिली निजात
सेमी ऑटोमेटिक हथियार मिलने के साथ ही पुष्कर पुलिस को पुराने जंग लगे हथियारों से निजात मिल गई है। थाने पर 24 घंटे अलर्ट रहने वाले संतरी अब पुरानी राइफलों की जगह नई हाइटेक राइफल से लैस होकर ड्यूटी दे रहे हैं।
जंग लगे हथियार देख हैरान हुई थी आरएएफ
विगत कुछ समय पहले सीआरपीएफ की रेपिड एक्शन फोर्स ने पुष्कर पुलिस थाने का अवलोकन किया था। इस दौरान फोर्स थाने में रखे सालों पुराने हथियार व राइफल देख हैरान हो गई तथा बटालियन के लीडर डीसी सुभाष चंद ने थाने में नए आधुनिक हथियार की आवश्यकता जताई थी।