पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअजमेर. सिरोही जिले के आबूरोड कस्बे में 1 से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी के लिए बनाई गई समिति में एक अपंजीकृत खेल संस्था का नाम राजस्व मंडल के तत्कालीन अध्यक्ष उमराव सालोदिया ने शामिल किया था। सालोदिया के निर्देश पर ही सिरोही कलेक्टर ने इस खामख्वाह की राजस्व खेल परिषद नामक संस्था के कुछ पदाधिकारियों को आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी। राजस्व मंडल प्रशासन का कहना है कि खेल परिषद की वैधता को लेकर जांच खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद की जाएगी।
मंडल की निबंधक स्नेहलता पंवार ने बताया कि राजस्व खेल परिषद की वैधता को लेकर सरसरी तौर पर जांच की गई है। संस्था से जुड़े लोगों ने बताया कि पदाधिकारियों की नियुक्ति चुनाव प्रक्रिया से की जाती है। मंडल प्रशासन ने माना कि संस्था पंजीकृत नहीं हैं, लेकिन परंपरागत रूप से यही संस्था खेलकूद आयोजन संबंधी कार्यक्रम में मंडल की ओर से सक्रिय रूप से शामिल होती रही है। हालांकि संस्था के चुनाव के जरिए पदाधिकारियों की नियुक्ति संबंधी कोई दस्तावेज मंडल प्रशासन के पास नहीं है। लेकिन प्रशासन कई सालों से चल रही परंपरा और मंडल के पूर्व अध्यक्ष उमराव सालोदिया द्वारा की गई कार्रवाई को आधार मानकर फिलहाल इस मामले में प्रतियोगिता होने तक कार्रवाई के मूड में नहीं है। पंवार ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता के लिए राजस्व खेल परिषद के कथित पदाधिकारियों की भूमिका कतई महत्वपूर्ण नहीं ह,ै बल्कि मंडल के स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी सिरोही कलेक्टर के साथ आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके लिए मंडल के सदस्य व आईएएस मूलचंद मीणा व उप निबंधक भगवत सिंह की कमेटी बनाई गई है।
पंजीकृत नहीं है संस्था
गौरतलब है कि राजस्व में राजस्व खेल परिषद के नाम से एक संस्था चल रही है। यह संस्था ना तो पंजीकृत है और ना ही इसका कोई संविधान व नियम है। यहां तक कि संस्था के पदाधिकारियों के चुनाव का भी कोई रिकार्ड नहीं है। राज्य स्तर की बताई जाने वाली इस राजस्व खेल परिषद के पदाधिकारियों को राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि मंडल में कर्मचारियों के हितार्थ दो संस्थाएं मौजूद है। एक रजिस्टर्ड संस्था लंबे समय से बंद पड़ी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.