पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निलंबित एफए तंवर प्रकरण में राज्य सरकार से जांच का आग्रह

निलंबित एफए तंवर प्रकरण में राज्य सरकार से जांच का आग्रह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के निलंबित एफए नरेंद्र तंवर प्रकरण में बोर्ड की उच्चस्तरीय लेखा समिति ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र भेजा है। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का पत्र मिलने के बाद बोर्ड प्रबंधन ने एफए अमृत दवे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में उपनिदेशक लेखा और सहायक निदेशक लेखा समेत चार सदस्य थे। समिति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्यूरो द्वारा जब्त की गईं फाइलों की फोटो प्रति भी मांगी।

ब्यूरो द्वारा ये प्रतियां उपलब्ध कराने और समिति द्वारा की गई जांच के बाद फिलहाल वित्तीय घपले का आंकड़ा 12 करोड़ रुपए ही आ रहा है। इसे देखते हुए समिति ने प्रकरण की जांच के बाद एक अंतरिम रिपोर्ट भी ब्यूरो को उपलब्ध करा दी। अब बोर्ड प्रबंधन व ब्यूरो चाहता है कि इस मामले में और विस्तृत जांच हो। इसे देखते हुए ही बोर्ड की ओर से शिक्षा ग्रुप 6 को पत्र भेज कर मामले की जांच निदेशक लोकल फंड से विस्तृत जांच कराने का आग्रह किया गया।

सूत्रों के मुताबिक बोर्ड को एक पत्र भी निदेशक की ओर से प्राप्त हो चुका है। इसमें बोर्ड से जानकारी चाही गई है कि वे किस तरह की जांच कराना चाहता है। इस पर बोर्ड ने फिर लिखा कि तंवर के समय में बोर्ड में जो भी खरीद की गई, किस मद में किसे राशि दी गई और बैंकों से किस तरह से पैसा ट्रांसफर किया गया आदि के बारे में जानकारी मिले।