- Hindi News
- बीएपी, बीसीपी व बीएससीपी को 12वीं के समकक्ष माना
बीएपी, बीसीपी व बीएससीपी को 12वीं के समकक्ष माना
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वद्र्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के बीएपी, बीसीपी व बीएससीपी कोर्सेज को 12वीं के समकक्ष माना है। इस संबंध में बोर्ड ने आदेश जारी कर दिए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष के 27 दिसंबर 2013 को जारी आदेश की अनुपालना में बोर्ड सचिव ने इन कोर्सेज को समकक्षता प्रदान कर दी है। यह समकक्षता खुला विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष पहली जनवरी के बाद आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए प्रभावी रहेगी। खुला विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र निदेशक डॉ आरसी मीणा के मुताबिक बीएपी अर्थात बीए प्रिपरेटरी, बीसीपी अर्थात बीकॉम प्रिपरेटरी और बीएससीपी अर्थात बीएससी प्रिपरेटरी होगा। इग्नू की ओर से पहले से ही यह कोर्सेज संचालित किए जा रहे हैं। मीणा ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत कोई भी औपचारिक योग्यता प्राप्त न करने वाला अभ्यर्थी, जिसकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी हो प्रवेश प्राप्त कर सकता है। बारहवीं अनुत्तीर्ण छात्र भी इसमें प्रवेश के पात्र होंगे। कार्यक्रम का शुल्क 1 हजार 500 रुपए निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम की न्यूनतम अवधि एक साल होगी तथा इस कार्यक्रम में पांच प्रश्न पत्र होंगे। पूर्व में खुला विश्वविद्यालय की ओर से केवल दो प्रश्न पत्र आयोजित किए जाते थे। बोर्ड से समकक्षता मिलने के बाद प्रश्न पत्रों की संख्या बढ़ा कर 5 कर दी गई है।