- Hindi News
- सीवरेज फ्लो टेस्टिंग के लिए बढ़ाई जाएंगी टीमें
सीवरेज फ्लो टेस्टिंग के लिए बढ़ाई जाएंगी टीमें
भास्कर न्यूज - अजमेर
पिछले 12 साल से चल रहा सीवरेज का काम पूरा कराने में एडीए प्रशासन अपनी ताकत झोंक रहा है। कलेक्टर वैभव गालरिया ने मार्च के अंत तक सारे काम पूरे कराने के निर्देश दे रखे हैं। सीवरेज के फ्लो टेस्टिंग का काम शुरू हो चुका है। इससे पहले सीवरेज के कई बड़े फाल्ट को सुधारने का काम पूरा हो चुका है। कुछ स्थानों पर काम जारी है। काम में तेजी लाने के लिए सीवरेज फ्लो टेस्टिंग के लिए लगी टीमों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी।
क्या है फ्लो टेस्टिंग
सीवरेज पाइप लाइन के एक ज्वाइंट से दूसरे ज्वाइंट तक पानी डालकर उसे स्लोप की टेस्टिंग की जानी है। इसके साथ ही यदि पाइप लाइन के फ्लो में कोई रुकावट है तो उसे दूर किया जाना है। इसके लिए एक ठेकेदार द्वारा दो टीमें लगाई गई है लेकिन शहर बड़ा होने के कारण एडीए प्रशासन टीमों की संख्या में बढ़ोतरी करेगा।
इंजीनियरों ने की थी बड़ी गलतियां
सीवरेज पाइप लाइनों का जाल बिछाने वाले इंजीनियरों ने कई स्थानों पर बड़ी गलतियां की है। जिसके चलते कई स्थानों पर क्लियरेंस नहीं मिल रहा है। कुछ जगह तो एक ज्वाइंट से दूसरे ज्वाइंट के बीच पाइप ही नहीं है। ऐसे कई मामलों को दुरुस्त कराया जा रहा है। मित्तल हॉस्पिटल पुष्कर रोड, गौरव पथ, शास्त्री नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, खानपुरा सहित कई स्थान ऐसे हैं जहां बड़ी गलतियां छोड़ दी गई। जिसके चलते वहां नए सिरे से काम शुरू कराया गया। कहीं नए पाइप डाले गए तो कहीं पुराने पाइपों को एक दूसरे से जोड़ा गया। अभी भी कई स्थानों पर काम कराया जा रहा है।
लोगों ने भी नहीं छोड़ा
इंजीनियर्स और ठेकेदारों ने तो गलतियां की ही, लोगों ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी। जिन स्थानों पर पाइप लाइन को मैन होल खुले रह गए। उन्हें लोगों ने कचरा घर बना दिया। जिसकी जो मर्जी हुई उसने वहीं पाइप लाइन में डाल दिया। ऐसा कई स्थानों पर हुआ। परिणाम स्वरूप पाइप लाइन में कई जगह ब्लॉकेज खड़े हो गए। सीवरेज फ्लो टेस्टिंग में इन ब्लॉकेज को समाप्त करने के लिए काम चल रहा है।
नगर निगम देगा कनेक्शन
सीवरेज फ्लो टेस्टिंग के बाद एडीए प्रशासन इसकी ओके रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम को सौंप देगा। निगम लोगों को कनेक्शन देगा। इस काम को शुरू करने के लिए अप्रेल माह का लक्ष्य रखा गया है। निगम की ओर से विभिन्न वार्डों में सीवरेज कनेक्शन दिए जाएंगे।