हमलावरों को गिरफ्तार नहीं करने पर रोष
भास्कर न्यूज - अजमेर
श्री राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष व अन्य लोगों पर जानलेवा हमले के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर राजपूतों में रोष व्याप्त है।इस माामले में गुरुवार को करणी सेना के प्रदेश नेता अजमेर पहुंच रहे हंै। उनके नेतृत्व में कुंदन नगर राजपूत छात्रावास में बैठक का आयोजन किया जाएगा।इसके बाद कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देंगे।
सेना के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चूंडावत के अनुसार संगठन के प्रदेश नेता गुरुवार सुबह अजमेर आएंगे। इस मसले पर लोकेंद्र सिंह कालवी समेत अन्य नेताओं ने बुधवार को जयपुर में आयोजित बैठक में चिंता जताई कि आपराधिक छवि के लोगों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने समझाइश के नाम पर सेना पदाधिकारियों को बुलाकर धोखे से उन पर हमला कर दिया। इस प्रकार की ओछी हरकतें सहन नहीं की जाएगी। नेताओं ने इस बात कर नाराजगी जतायी है कि हमले के दो दिन बाद भी पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कुंदन नगर राजपूत छात्रावास में बैठक के बाद कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन देकर असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी की मांगी की जाएगी।
पुलिस यदि जल्दी कोई कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। यहां गौरतलब है कि मंगलवार को आदर्श नगर थाना क्षेत्र में आपराधिक छवि के रामकेश मीणा तथा अन्य लोगों ने इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र विवाद को लेकर समझौते के लिए करणी सेना के जिलाध्यक्ष व अन्य लोगों को बुलाया था। बाद में धोखे से सरिए व बेसबॉल के बैट से उन पर हमला बोल दिया गया। सेना के कार्यकर्ताओं को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली वे एकत्र होते इससे पहले ही हमलावर भाग छूटे। आदर्श नगर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला तो दर्ज किया है लेकिन आज तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।