- Hindi News
- कर्ज चुकाने के बावजूद परेशान करने पर सुनार ने लगाई फांसी
कर्ज चुकाने के बावजूद परेशान करने पर सुनार ने लगाई फांसी
भास्कर न्यूज - अजमेर
नया बाजार इलाके में मंगलवार देर रात कर्ज के बोझ से परेशान एक सुनार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने मौत के लिए केसरगंज के सुनार बालकिशन को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा है कि कर्ज की राशि चुकाने के बावजूद उसे परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार किशन गुरनानी मोहल्ला निवासी 47 वर्षीय चिमन पुत्र तोताराम सोनी ने मंगलवार रात नया बाजार स्थित दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों और इलाके के लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई जगदीश ने बताया कि मौका मुआयना करने पर मृतक का सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि बालूपुरा निवासी बालकिशन सुनार से उसने डेढ़ लाख रुपए उधार लिए थे। एवज में बालकिशन ने उससे ब्लैंक चेक लिए थे। कर्ज की राशि का भुगतान करने के बावजूद बालकिशन उससे तीन लाख रुपए मांग रहा है। उसने चेक बाउंस का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज करवा दिया। उसे गिरफ्तार कराने और जेल भेजने की धमकी बालकिशन दे रहा है। इससे दुखी होकर वह आत्महत्या कर रहा है। चिमन के पुत्र ओमप्रकाश सोनी ने बालकिशन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर बालकिशन पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।