- Hindi News
- 13 दिन, ३ बार निरीक्षण, सफाई फिर भी नहीं
13 दिन, ३ बार निरीक्षण, सफाई फिर भी नहीं
भास्कर न्यूज - अजमेर
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त जवाहरलाल नेहरु अस्पताल का 13 दिनों में तीन बार निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन यहां पर साफ-सफाई का हाल संतोषजनक नहीं है। एडीसी हनुमान सिंह भाटी ने अधीक्षक से लेकर निचले स्तर के कर्मचारियों को फटकार लगाई है। शौचालयों में व्याप्त गंदगी पर उन्होंने
सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख शासन सचिव शिक्षा एवं चिकित्सा डॉ.सुबोध अग्रवाल ने 16 जनवरी को अस्पताल का निरीक्षण किया था। उनके साथ एडीसी भाटी भी थे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फैली गंदगी पर नाराजगी जताई थी। अग्रवाल ने शौचालयों की साफ-सफाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने भाटी को फीड बैक लेने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में भाटी ने 24 जनवरी को फिर से निरीक्षण किया था। उन्होंने वर्षों से जमा रिकॉर्ड, कंडम समान की नीलामी करने के आदेश दिए थे लेकिन बुधवार को निरीक्षण के दौरान पूर्व में दिए आदेशों की पोल खुल गई। शौचालयों में गंदगी पूर्व की भांति थी। वार्डों से भी कंडम सामना नहीं हटाए गए और पुराने रिकॉर्ड का निस्तारण भी नहीं किया गया था।
जताई नाराजगी
भाटी करीब दो घंटे तक अस्पताल में रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लगभग प्रत्येक वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डों में रखे पुराने सामना, पुराने गद्दे और वर्षों से जमा पुराना रिकॉर्ड देख भाटी ने नाराजगी जाहिर की। उल्लेखनीय है कि पूर्व में उन्होंने पुराने सामान को कंडम घोषित कर निस्तारण के आदेश दिए थे लेकिन अस्पताल प्रशासन ने अभी तक भी आदेश की पालना नहीं की।
सफाई ठेकेदार को नोटिस : एडीसी ने शौचालयों में सफाई संतोषजनक नहीं होने पर सफाई ठेकेदार को नोटिस जारी करने को कहा है। भाटी ने कहा कि जब तक अस्पताल परिसर में साफ-सफाई नहीं हो तब तक सफाई ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाए।