जेएलएन अस्पताल में लगेंगी नई लिफ्ट
अजमेर - संभागीय आयुक्त कार्यालय में बुधवार को मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेएलएन अस्पताल में शीघ्र ही नई लिफ्ट लगाने और संविदा पर २० वार्ड बॉय लगाने की स्वीकृति जारी की गई है। इसके अलावा पुरानी लिफ्टों की मरम्मत कराने का भी निर्णय किया गया। संभागीय आयुक्त आरके मीणा ने सोसायटी के अफसरों को निर्देश दिए कि अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारी जाएं।
बैठक में नई लिफ्ट लगाने एवं पुरानी लिफ्ट सुधारने के लिए राशि भी मंजूर की गई। मीणा ने अस्पताल की साफ-सफाई के साथ ड्रेनेज एवं शौचालयों की व्यवस्था सुधारने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त हनुमान सिंह भाटी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर गजेन्द्र सिंह राठौड़, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ$ अशोक चौधरी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।