वरिष्ठ नागरिक आयु 65 से 60 वर्ष हो
अजमेर - राजस्थान प्रयोगशाला सहायक संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि वरिष्ठ नागरिकों की आयु सीमा 65 से घटाकर 60 वर्ष की जाए। संघ के एपी माथुर ने बताया कि चिकित्सा विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने एक आदेश जारी कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों की आयु सीमा 65 से घटाकर 60 वर्ष कर दी है। लेकिन जिला स्तर पर सरकारी अस्पतालों में 65 वर्ष आयु सीमा को वरिष्ठ नागरिक माना जाता है। माथुर ने बताया कि वर्तमान में 60 वर्ष एवं इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को पांच रुपए की जांच पर्ची लेनी पड़ती और आउटडोर में लाइन में लगना पड़ता है। साथ ही उन्हें कई जांच जो वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क हैं, उनका भुगतान भी करना पड़ रहा है। माथुर ने सरकार से मांग की है कि जनहित में जिला स्तरीय सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों की आयु सीमा 60 वर्ष ही मानी जाए।