पुनर्गणना के लिए 18 तक कर सकेंगे आवेदन
अजमेर - राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित आरएएस मुख्य परीक्षा 2012 के अभ्यर्थी अंकों की पुनर्गणना के लिए 18 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। आयोग उत्तर पुस्तिकाओं का पुन: परीक्षण नहीं कराएगा। आयोग सचिव घनश्याम टिलवानी के मुताबिक राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त ((मुख्य)) प्रतियोगी परीक्षा 2012 का परिणाम 27 जनवरी को घोषित किया गया है। नियमानुसार परीक्षा में प्राप्तांकों की पुन: गणना ((रि-टोटलिंग)) कराने के लिए अभ्यर्थी को आयोग अवसर प्रदान कर रहा है। उत्तर पुस्तिकाओं में प्राप्त अंकों की पुन:गणना के लिए सादा कागज पर प्रार्थना पत्र मय वेब से प्राप्तांकों की प्रिंट कॉपी के आयोग सचिव को प्रस्तुत करना होगा। प्रार्थना पत्र के साथ 10 रुपए प्रति प्रश्न पत्र की दर से पोस्टल ऑर्डर भी संलग्न करना होगा। 18 फरवरी के बाद आयोग प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं करेगा। उत्तर पुस्तिकाओं का पुन: परीक्षण किसी भी स्थिति में नहीं किया जाएगा।
16 हजार से अधिक बाहर हो गए
आयोग द्वारा ली गई आरएएस मुख्य परीक्षा में 19 हजार 548 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए थे। इसमें से 3 हजार 165 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। शेष 16 हजार 383 अभ्यर्थी परीक्षा से बाहर हो गए हैं।