खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल आज
अजमेर - डीएवी कॉलेज में आयोजित की जा रही 47वीं राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला खो-खो प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में अजमेर पुरुष टीम ने गंगानगर टीम को एक अंक से हरा फाइनल में प्रवेश किया। अजमेर जिला खो-खो संघ के सचिव असगर अली ने बताया कि पुरुष एवं महिला टीमों के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जिसमें मेजबान अजमेर टीम ने पुरुष वर्ग में श्रीगंगानगर को 1 अंक से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में जयपुर ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग में श्रीगंगानगर ने अजमेर को 1 अंक से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मैच में भीलवाड़ा ने हनुमानगढ़ को 3 अंक से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच आज खेले जाएंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि व्यवसायी रामलाल गांगल और विशिष्ट अतिथि डॉ एमके सिंह होंगे।